फोटो-13-बलरामपुर पीएचसी गुगौली में मरीजों का इलाज करते चिकित्सक ।-संवाद
बलरामपुर/हरैया सतघरवा। छुट्टी के दिन मरीजों को उपचार की सुविधा देने के लिए रविवार को जिले के 35 प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेले का आयोजन किया गया। मेले में कुल 2095 मरीजों का उपचार किया गया। इनमें 1001 पुरुष, 822 महिलाएं और 272 बच्चे शामिल रहे। विशेषज्ञ चिकित्सकों ने मरीजों की जांच कर उपचार किया और बीमारियों से बचाव के संबंध में आवश्यक परामर्श दिया।
प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र जोकहिया में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. जावेद अख्तर ने मरीजों का उपचार किया। दोपहर 12:30 बजे तक यहां 33 मरीजों की जांच की जा चुकी थी। उन्होंने बताया कि इस समय सर्दी और बुखार के मरीजों की संख्या बढ़ी है।
हरैया सतघरवा क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र गुगौली में आयोजित मेले में प्रभारी चिकित्साधिकारी डॉ. एसके मिश्र ने मरीजों की जांच की। उन्होंने बताया कि इन दिनों सर्दी-खांसी और बुखार के मरीज अधिक आ रहे हैं। दवा लेने पहुंचीं साकिरा (55) ने बताया कि उन्हें बुखार की शिकायत थी। अस्पताल में जांच के बाद दवा दी गई। मोहम्मद इमरान (60) ने बताया कि उनके शरीर में दर्द है। वहीं, धर्म कुमार (45) ने बताया कि उन्हें कई दिनों से सर्दी, खांसी और बुखार की समस्या है। उनकी खून की जांच की गई।
मेले में फार्मासिस्ट अनुराग गुप्त, लैब टेक्नीशियन रामनरायन कुशवाहा, वार्डबॉय सुरेंद्र कुमार और हुकुमचंद मौजूद रहे। प्रभारी सीएमओ बृजेश प्रताप सिंह ने बताया कि आरोग्य मेले में पहुंचे मरीजों का चिकित्सकों ने उपचार कर उन्हें आवश्यक परामर्श दिया।