बलरामपुर। दीपावली से पहले सभी को वेतन व पेंशन मिल जाएगी। सभी विभागों को 28 अक्तूबर से पहले कोषागार में बिल प्रस्तुत करना अनिवार्य है। जिले में 20 हजार 795 नियमित अधिकारियों, कर्मचारियों, संविदा कर्मचारियों का कोषागार से वेतन, मानदेय व पेंशन का भुगतान किया जा रहा है।
जिले के सभी विभागों में 15 हजार 49 नियमित व संविदा कर्मियों की तैनाती है, जिन्हें दीपावली से पहले वेतन एवं मानदेय का भुगतान होना है। सभी विभागों के नियमित तैनाती वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को वेतन के साथ संविदा पर काम करने वाले कर्मियों को मानदेय का दीपावली से पहले भुगतान करने का निर्देश शासन से दिया गया है। वरिष्ठ कोषाधिकारी अशोक कुमार यादव ने बताया कि सभी विभागों को 28 अक्तूबर से पहले बिल प्रस्तुत करने का सुझाव दिया गया है।
जिले में 5746 पेंशनर हैं, जिनके खातों में पेंशन का भुगतान कर दिया गया है। सभी पेंशनर अपने-अपने बैंक से पेंशन का भुगतान प्राप्त कर सकते हैं। 30 अक्तूबर से लेकर चार नवंबर तक दीपावली की छुट्टी रहेगी। इस दौरान कोषागार भी बंद रहेगा, इससे वेतन, मानदेय व पेंशन आदि का समय से भुगतान नहीं हो सकेगा।