नीति आयोग की टीम जिले के पिछड़ेपन को दूर करने में जुटी
बलरामपुर। भारत सरकार ने जिले की 22 लाख आबादी के पिछड़ेपन को दूर कराने के लिए व्यापक पैमाने पर सहयोग करने का एलान किया है। भारत सरकार की तरफ से गठित नीति आयाग की टीम के माध्यम से जिले के पिछड़ेपन को दूर कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य करेगी।
जिला प्रशासन ने कंपोजिट इंडेक्स तैयार कराकर भारत सरकार को रिपोर्ट भेज दी है। पांच प्रमुख क्षेत्रों में सुधार के लिए टीम की तरफ से जिले भर में अभियान चलाया जाएगा। जिला प्रशासन की तरफ से तैयार की गई कंपोजिट इंडैक्स की रिपोर्ट के आधार पर केंद्रीय अफसरों की टीम जिले भर में कार्य करेगी।
इन क्षेत्रों में नीति आयोग की टीम करेगी कार्य
नीति आयोग की टीम जिले में स्वास्थ्य एवं पोषण, शिक्षा, कृषि एवं संबद्घ क्षेत्र, कौशल विकास व वित्तीय समावेशन पर आधारित क्षत्रों में कार्य करेगी। सर्वे कराकर इन क्षेत्रों में अंक निर्धारित कर दिया गया है। डैश बोर्ड के माध्यम से नीति आयोग की टीम इन विभागों के अफसरों से मासिक, तिमाही व वार्षिक रिपोर्ट की ऑनलाइन सुनवाई करेगी।
नीति आयोग के विशेषज्ञ व सलाहकार प्रत्येक कार्य दिवस की समीक्षा करेंगे। नीति आयोग के इस प्रयास से जिले की 22 लाख आबादी के मूलभूत सुविधाओं में बेहतर सुधार होगा। नीति आयोग जिले के नौ ब्लॉकों के 801 ग्राम पंचायतों व चार नगरीय क्षेत्रों में कार्य करेगी।
कंपोजिट इंडेक्स में जिले के अकों का हुआ निर्धारण
विषय -अंक
स्वास्थ्य एवं पोषण-30 प्रतिशत
शिक्षा-30 प्रतिशत
कृषि एवं संबद्घ क्षेत्र-20 प्रतिशत
कौशल विकास एवं वित्तीय समावेशन-10 प्रतिशत
आधार भूत संरचना-10 प्रतिशत
दिल्ली के सम्मेलन में डीएम ने रखा पक्ष
-नई दिल्ली के अंबेडकर इंटरनेशनल सेंटर में 4 व 5 जनवरी को नीति आयोग की तरफ से आयोजित सम्मेलन में डीएम ने पांच प्रमुख क्षेत्रों की रिपोर्ट प्रस्तुत की। दो दिवसीय सम्मेलन में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जनपद के पिछड़ेपन को दूर कराने के नीति आयोग की टीम को कार्य करने का सुझाव दिया।
प्रधानमंत्री के सुझाव पर नीति आयोग ने जिले के पांच प्रमुख क्षेत्रों में कार्य करने के लिए प्रस्ताव मंजूर कर लिया। डीएसटीओ ओंकार सिंह ने डीएम के निर्देश पर पांच प्रमुख बिंदुओं पर विभागीय अफसरों से सलाह लेकर रिपोर्ट तैयार की और डीएम के माध्यम से नीति आयोग को उपलब्ध कराया जा चुका है।
इन अफसरों को सौंपी गई जिम्मेदारी
स्वास्थ्य एवं पोषण मिशन में टीकाकरण, स्तनपान, बीएचएनडी व पोषाहार वितरण आदि की जिम्मेदारी सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह व डीपीओ सत्येन्द्र कुमार सिंह को, प्राथमिक व उच्च प्राथमिक स्कूलों में शिक्षा के स्तर पर रिपोर्ट उपलब्ध कराने की जिम्मेदारी बीएसए रमेश यादव को, कृषि एवं संबद्घ क्षेत्र की रिपोर्ट उप कृषि निदेशक राम बचन राम, जिला कृषि अधिकारी मनजीत कुमार व जिला उद्यान अधिकारी लाल बहादुर मौर्य, कौशल विकास एवं वित्तीय समावेशन की रिपोर्ट देने की जिम्मेदारी पीई व जिला समन्वयक कौशल विकास मिशन बीके श्रीवास्तव तथा आधार भूत संरचना के तहत बिजली, पानी व सड़क से संबंधित रिपोर्ट विभागीय अधिकारियों को उपलब्ध कराने के जिम्मेदारी सौंपी गई है।
राकेश कुमार मिश्र, डीएम