गैसड़ी (बलरामपुर)। जिले के नेपाल राष्ट्र के सीमावर्ती पचपेड़वा ब्लॉक की पंचायतों के लोगों की सेहत का ख्याल मेडिकल मोबाइल यूनिट रखेगी। इसके लिए भारतीय स्टेट बैंक के सीएसआर फंड से एसबीआई फाउंडेशन और नोएडा की पंख संस्था ने संयुक्त रूप से कदम बढ़ाया है। इस योजना में बहराइच के मिहींपुरवा ब्लॉक को भी शामिल किया गया है।
योजना से दोनों जिले के ऐसे 20-20 गांव चिह्नित किए गए हैं, जहां स्वास्थ्य सुविधाओं का अभाव है। पचपेड़वा ब्लॉक के मजगवां, बिजुआ कला, सुगुआ कोडर, परसा, बैरिवा, मजगवां खुर्द आदि गांवों के लोगों को स्वास्थ्य सुविधा देने का अभियान चलेगा। एक बस को तैयार किया गया है, जिसमें जरूरी जांच की सुविधाएं रहेंगी, बस में पर्याप्त दवाएं भी रहेंगी। जिससे जांच और इलाज के साथ ही मुफ्त दवा भी लोगों को उपलब्ध हो सके।
पहली अप्रैल से इस मेडिकल मोबाइल यूनिट की शुरुआत होगी। इसके लिए यूनिट में चिकित्सक के साथ ही लैब असिस्टेंट, स्टाफ नर्स, फार्मासिस्ट भी नियुक्त रहेंगे। सीएचसी अधीक्षक पचपेड़वा डॉ. विजय कुमार ने बताया कि मेडिकल मोबाइल यूनिट से लोगों को काफी सुविधा होगी। संस्था के प्रतिनिधि को क्षेत्र के बारे में जानकारी मुहैय्या कराई गई है। (संवाद)
सीएमओ को दी योजना की जानकारी
पंख संस्था के परियोजना समन्वयक राजमंगल सिंह ने सोमवार को मुख्य चिकित्साधिकारी से भेंटकर योजना के बारे में चर्चा की। उन्होंने विस्तार से बताया कि किस तरह एक सचल अस्पताल की तरह बस को तैयार किया गया है। जल्द ही योजना दोनों जनपदों में शुरू की जाएगी। परियोजना समन्वयक ने बताया कि पिछड़े जिले के अति पिछड़े ब्लॉक में योजना शुरू की जा रही है। आगे विस्तार भी किया जाएगा।