बलरामपुर। फार्मर रजिस्ट्री कराने की अंतिम तिथि बढ़ा दी गई है। पहले रजिस्ट्री कराने की अंतिम तिथि 31 दिसंबर 2024 थी। लेकिन अब यह तिथि बढ़ा दी गई है। हालांकि अभी कोई तिथि निर्धारित नहीं की गई है। जिले में अब तक ढाई लाख किसानों में से 19,742 किसानों की ही फार्मर रजिस्ट्री हो सकी है। बुधवार को पहली बार एक दिन में 997 किसानों का फार्मर रजिस्ट्री करवाई है।
किसान सम्मान निधि की धनराशि को लेकर सरकार ने फार्मर रजिस्ट्री अनिवार्य कर दिया है। इसके बाद से ही रजिस्ट्री कराने को लेकर मारामारी चल रही है। किसानों को डर है कि यदि उनकी रजिस्ट्री न हुई तो उन्हें किसान सम्मान निधि का पैसा नहीं मिलेगा। फार्मर रजिस्ट्री के लिए आधार से लिंक मोबाइल नंबर पर ओटीपी आता है। रजिस्ट्री हो जाने पर एक ओटीपी फिर से आता है। ओटीपी को डालने के बाद ही फार्मर रजिस्ट्री की केवाईसी प्रक्रिया पूर्ण होती है। सर्वर डाउन होने के चलते कई बार ऐसा होता है कि रजिस्ट्री की शुरुआती प्रक्रिया हो जाती है। अंतिम प्रक्रिया में ओटीपी घंटों तक नहीं आता है। इससे पूरी प्रक्रिया फेल हो जाती है।
उप कृषि निदेशक नरेंद्र कुमार ने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के लिए 31 दिसंबर 2024 तक अंतिम तिथि निर्धारित थी। अंतिम तिथि तक 19,742 किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री करवाई थी। उन्होंने बताया कि फार्मर रजिस्ट्री के लिए तिथि बढ़ा दी गई है। शासन से अंतिम तिथि अभी निर्धारित नहीं की गई है। उन्होंने बताया कि बुधवार को सबसे ज्यादा किसानों ने फार्मर रजिस्ट्री करवाई है।