अवैध तरीके से ले जाए जा रहे एक ट्रक मवेशी बरामद
बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के मथुरा बाजार के निकट मंगलवार को लगी पशु बाजार से अवैध तरीके से ट्रक पर लादकर ले जाए जा रहे करीब दो दर्जन मवेशियों को आर्यवीर दल ने पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया है।
आर्यवीर दल के जिला संयोजक अशोक तिवारी ने बताया कि पशु बाजार से पशुओं की खरीद फरोख्त रवन्ना के हिसाब से की जाती है। पशु बाजार से दो ट्रक मवेशी बिना किसी रवन्ना के लादकर ले जाए जा रहे थे।
एक ट्रक मवेशी चालक लेकर फरार हो गया। दूसरे ट्रक में लदे मवेशियों को पुलिस चौकी मथुरा बाजार प्रभारी विवेक शुक्ला को बुलाकर उनके हवाले कर दिया गया है। ट्रक चालक मौके से फरार हो गया है।
मामले की सूचना एसपी, सीओ तथा थानाध्यक्ष ललिया नरेन्द्र बहादुर यादव को दी गई है। थानाध्यक्ष ने बताया कि मवेशी सहित ट्रक कब्जे में लेकर थाने ले आया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है। छानबीन के बाद दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। ब्यूरो