बलरामपुर। जिले में अब तक 165 प्रतिशत धान की खरीद कर ली गई है। निर्धारित लक्ष्य 12 हजार के सापेक्ष 20 हजार एमटी धान की खरीद की जा चुकी है। क्रय एजेंसियों ने शासन स्तर से निर्धारित हाईब्रिड धान का 35 प्रतिशत लक्ष्य पूरा कर लिया है। वहीं जिले के 4052 किसानों से खरीदे गए धान का 90 प्रतिशत भुगतान किया जा चुका है। बाकी बचे 10 प्रतिशत किसानों के बकाया मूल्य का भुगतान शीघ्र हो जाएगा।
डिप्टी आरएमओ नरेंद्र कुमार तिवारी ने बुधवार को बताया कि जिले में 15 अक्तूबर से धान की खरीद शुरू की गई थी। शासन स्तर से निर्धारित लक्ष्य 12 हजार एमटी की तुलना में क्रय एजेंसियों ने अब तक 19710.08 एमटी धान खरीदा है जो लक्ष्य का करीब 164.25 प्रतिशत है। खाद्य विभाग ने छह क्रय केंद्रों पर 2500 एमटी की तुलना में 1250 किसानों से 4774.58 एमटी और पीसीएफ ने 23 क्रय केंद्रों पर 9500 एमटी की तुलना में 2902 किसानों से 14935.49 एमटी धान खरीदा है।
जिले में शासन स्तर से हाईब्रिउ धान के खरीद का निर्धारित लक्ष्य 35 प्रतिशत पूरा कर लिया है। खाद्य विभाग ने 1214 व पीसीएफ ने 2262 किसानों को धान खरीद का भुगतान आरटीजीएस के माध्यम से उनके बैंक खातों में ऑनलाइन कर दिया है। खाद्य विभाग के 36 और पीसीएफ के 540 किसानों के भुगतान की प्रक्रिया पूरी कर ली गई है। शीघ्र ही बाकी बचे किसानों के खातों में भी बकाया भुगतान हो जाएगा। जिले में 29 फरवरी तक धान की खरीद की जाएगी। बाकी बचे दिनों में क्रय केंद्रों पर अब सिर्फ सामान्य धान की ही खरीद की जाएगी।