बलरामपुर। दारीचौरा गांव में गुरुवार को दो दिवसीय दंगल का शुभारंभ हुआ। अखाड़े में पहले दिन देश-विदेश के पहलवानों ने एक-दूसरे को पटखनी देकर अपना-अपना दमखम दिखाया।
बीडीओ श्रीदत्तगंज अशोक कुमार ने दारीचौरा गांव के मैदान में दो दिवसीय दंगल प्रतियोगिता का शुभारंभ किया। आयोजक नूरामल पांडेय ने सभी पहलवानों का साफा बांधकर स्वागत किया। पुरुषों के साथ-साथ महिला पहलवानों ने भी अपना दमखम दिखाया। नेपाल के फूलनदास पहलवान ने गालिबपुर के विनोद यादव को पटखनी दी।
हरियाणा के नोरा पहलवान ने राजस्थान के कालिया को चित्त कर दिया। जम्मू कश्मीर के जावेद पहलवान ने राजस्थान के अंचल पहलवान को पटखनी दी। गालिबपुर के विनोद यादव ने रोहित पहलवान को चित्त किया। शिवांगी पहलवान ने ज्योति पहलवान को हराया। नेपाल के देव थापा ने राजस्थान के मोनू पहलवान को हराया। नेपाल के पारस थापा ने राजस्थान के शमशेर पहलवान को पराजित किया।