गेहूं-चावल कम मिलने पर गोदाम प्र्रभारी के खिलाफ केस दर्ज
बलरामपुर। रेहरा बाजार के गोदाम प्रभारी के खिलाफ डीएसओ ने केस दर्ज करा दिया है। गोदाम के स्टॉक में 211 बोरी गेहूं व चावल कम होने पर कार्रवाई की गई है। छह गोदाम प्रभारियों से विभिन्न कारणों में जबाब तलब किया गया है।
डीएम के गोपनीय तरीके से कराई गई जांच में गोदाम प्रभारियों के लापरवाही का खुलासा हुआ है। निर्धारित समय में सुसंगत जबाब न देने पर डीएम ने कड़ी कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी है।
डीएम कृष्णा करुणेश ने शुक्रवार को बताया कि उन्होंने जिले के सात गोदामों की गोपनीय जांच कराई है। जांच के दौरान तहसीलदार उतरौला को रेहरा बाजार के गोदाम में 135 बोरी गेहूं और 76 बोरी चावल का स्टॉक कम पाया गया है।
गोदाम प्रभारी संतोष कुमार त्रिपाठी के खिलाफ डीएसओ बृजेश कुमार मिश्र ने रेहरा बाजार थाने में ईसी एक्ट के तहत केस दर्ज कराया है। तहसीलदार तुलसीपुर के जांच में गैसड़ी गोदाम पर गेहूं की पांच बोरी व चावल की एक बोरी तथा बीडीओ गैसड़ी की जांच में पचपेड़वा गोदाम पर गेहूं की चार बोरी और चावल की पांच बोरी स्टॉक में कम पाई गई है।
गैसड़ी के गोदाम प्रभारी राज कुमार व पचपेड़वा के गोदाम प्रभारी कमलेश मौर्या से जबाब तलब किया गया है। बीडीओ श्रीदत्तगंज की जांच में तेंदुआ तकिया गांव में स्थित गोदाम व उतरौला, एसडीएम तुलसीपुर की जांच में तुलसीपुर गोदाम तथा बीडीओ गैड़ास बुजुर्ग की जांच में गैड़ास बुजुर्ग गोदाम पर बोरियां अव्यवस्थित पाए गई है जिसके चलते जांच संभव नहीं हो सकी है।
श्रीदत्तगंज के गोदाम प्रभारी नंद कुमार, उतरौला के गोदाम प्रभारी घनश्याम को कड़ी चेतावनी दी गई है। तुलसीपुर के गोदाम प्रभारी आरके आनंद को प्रतिकूल प्रविष्टि दी गई है। गैड़ास बुजुर्ग के गोदाम प्रभारी प्रमोद कुमार चौधरी को कड़ी चेतावनी जारी की गई है।