बलरामपुर के गैसड़ी में स्थित जर्जर सड़क।-संवाद
बलरामपुर। गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में 16 सड़कों के निमार्ण पर दो करोड़ 42 लाख 65 हजार रुपये खर्च किए जाने की तैयारी है। क्षेत्र के 65 गांवों को नई सड़कों से जोड़ने की तैयारी हो रही है। इन सड़कों का निर्माण होने से करीब एक लाख लोगों को आवागमन की सुविधा मिलेगी।
गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के ग्राम मस्जिदिया के चिलगढि़या जैतापुर-चौबेपुर तक 10.11 लाख रुपये से खड़ंजा का निर्माण किया जाएगा। 24.93 लाख रुपये से इटई से मेहदौली गांव तक हर मौसम में प्रयोग होने वाली (ऑल वेदर) सड़क बनेगी। कोयलखार से भगोसर तक 10.25 लाख से खड़ंजा का निर्माण होगा। 23 लाख रुपये से सड़क का निर्माण कर चौबेपुर से परसा गांव को जोड़ा जाएगा। गौरा बगनहा में समय माता मंदिर से गुलहरिया पोखरे तक 13.08 लाख रुपये और पकड़ी के मजरे मधपुर से राम लखन बाबा मंदिर तक पक्की सड़क के निर्माण की तैयारी है।
गनवरिया के मजरे करमहिया से बगनहवा घाट तक 24.97 लाख रुपये व मझौवा के मजरे जनुका में बांध तक 7.74 लाख रुपये नई सड़कों के निर्माण पर खर्च होंगे। खम्हरिया से हज्जीडीह तक नई सड़क का निर्माण 18.77 लाख रुपये से होगा। विश्रामपुर के मजरे त्रिलोकपुर में जिगनिहवा तालाब पर कटान रोकने के लिए 50 मीटर सुरक्षा दीवार के निर्माण पर 15.16 लाख रुपये खर्च किए जाएंगे। सिसवा बाबा जलाली शाह के मजार से जूड़ा बाबा के मंदिर तक 14.23 लाख, चौहत्तरखुर्द में पश्चिम मंदिर से लेकर ट्रांसफॉर्मर तक 11.35 लाख व सोनपुर में 14.25 लाख रुपये से सीसी रोड का निर्माण कराया जाएगा। ग्राम पलईडीह में शमशान घाट तक खड़ंजा निर्माण पर 16.20 लाख रुपये खर्च होंगे। ग्राम बिजुलिया में 17.29 लाख रुपये से नई सड़क बनाई जाएगी। (संवाद)
विधायक के प्रयास का मिलेगा लाभ
गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण के लिए विधायक राकेश यादव ने विशेष प्रयास किया है। विधायक की पहल से नई सड़कों के निर्माण को मंजूरी मिली है। इससे क्षेत्र के लोगों में खुशी है। गांवों को जोड़ने में नई सड़कों की भूमिका महत्वपूर्ण होगी।
तीन माह में पूरा कराया जाएगा निर्माण
गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र में सड़कों के निर्माण की तैयारी की जा रही है। प्रक्रिया पूरी कराई जा रही है। जल्द ही सड़कों का निर्माण शुरू कराया जाएगा। तीन माह में कार्य पूरा करने की तैयारी है। -कमल किशोर, अधिशासी अभियंता ग्रामीण अभियंत्रण विभाग