बलरामपुर। जिले में कोरोना मरीजों की संख्या लगातार बढ़ती जा रही है। बुधवार की रात व गुरुवार को आई कोरोना रिपोर्ट में डीपीआरओ व जिला मेमोरियल चिकित्सालय के चिकित्सक सहित 16 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों को इलाज के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय स्थित लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। जिले में कोरोना पॉजिटिव केस की संख्या 261 हो गई है।
एसीएमओ डॉ. बीपी सिंह ने बताया कि बुधवार की रात व गुरुवार को आई कोरोना रिपोर्ट में 16 लोग पॉजिटिव पाए गए हैं। पॉजिटिव पाए गए लोगों में जिला पंचायत राज अधिकारी (डीपीआरओ), जिला मेमोरियल चिकित्सक के एक चिकित्सक एवं यूपीटी होटल का एक कर्मचारी शामिल है। जिले का एक व्यक्ति बीते दिनों इलाज कराने के लिए चंदन हॉस्पिटल लखनऊ गया था। वहां उसकी कोरोना जांच कराई गई जिसमें वह पॉजिटिव पाया गया है। उसका इलाज लखनऊ में ही चल रहा है। इसके अतिरिक्त तुलसीपुर बाजार जरवा रोड से एक, सदर ब्लॉक के राजगढ़ से एक, श्रीदत्तगंज ब्लॉक से एक एवं बलरामपुर नगर स्थित नई बाजार से चार, गदुरहवा उत्तरी से पांच लोगों सहित जिले में कुल 16 व्यक्तियों की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। पॉजिटिव पाए गए सभी लोगों को इलाज के लिए जवाहर नवोदय विद्यालय स्थित लेवल-1 कोविड केयर सेंटर में शिफ्ट किया गया है। सभी लोगों के कांटेक्ट की तलाश की जा रही है। इन लोगों के संपर्क में आए सभी व्यक्तियों का सैंपल शीघ्र ही जांच के लिए भेजा जाएगा।
कोरोना जांच के लिए भेजे गए 626 सैंपल
-कोरोना संक्रमण की जांच के लिए गुरुवार को जिले के विभिन्न क्षेत्रों से 626 सैंपल संग्रहीत किए गए है। सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि कोरोना वायरस की जांच के लिए जिले से अब तक कुल 20621 सैंपल लखनऊ भेजे गए है। इनमें से 18615 सैंपल की रिपोर्ट निगेटिव व 261 सैंपल की रिपोर्ट पॉजिटिव पाई गई है। 1825 सैंपल की रिपोर्ट अभी आनी बाकी है।