बलरामपुर। देश के प्रतिष्ठित चीनी मिल समूह बीसीएम ग्रुप के इकलौते उत्तराधिकारी का गुरुवार शाम बंगलुरू में आकस्मिक निधन हो गया। इस घटना से बलरामपुर चीनी मिल परिवार में शोक की लहर व्याप्त है।
शुक्रवार को बलरामपुर चीनी मिल परिसर में आयोजित शोक सभा को संबोधित करते हुए अध्याशी मधुकर मिश्र ने कहा कि बीसीएम ग्रुप के इकलौते उत्तराधिकारी करण सरावगी (30 साल) का गुरुवार बंगलौर स्थित अपने संस्थान में अचानक हुई दुर्घटना के चलते मौत हो गई है। करण सरावगी का बलरामपुर चीनी मिल से गहरा रिश्ता रहा है। वह अपनी दादी मीनाक्षी सरावगी तथा पिता विवेक सरावगी के साथ बचपन से यहीं पर रह रहे थे। उनकी मौत से समूह को अपूर्णनीय क्षति हुई।
कर्मचारी नेता सुधांशु प्रताप सिंह ने कहा कि समूह इस आकस्मिक घटना से हतप्रभ है। करण के साथ हुए हादसे का दुख समूह के सभी कर्मियों में है। भगवान इस दुख की घड़ी में पीड़ित परिवार को सहनशक्ति तथा आत्मा को शांति प्रदान करे। इस अवसर पर प्रबंधक विधि एवं कार्मिक राजीव अग्रवाल, महाप्रबंधक वित्त बीएन ठाकुर समेत तमाम लोग मौजूद रहे।