सादुल्लाहनगर-ललिया (बलरामपुर)। दो थाना क्षेेत्रों में बीते दिन अज्ञात कारणों से लगी आग में तीन परिवारों की गृहस्थी जलकर खाक हो गई है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हल्का लेखपालों ने क्षति का आंकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।
ललिया थाना क्षेत्र के मुरिहवा गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में बृजभान के घर की गृहस्थी जलकर खाक हो गई है। दो हजार नकदी, कपड़े व बर्तन आग की भेंट चढ़ गए है। बृजभान ने बताया कि ग्रामीणों ने बड़ी मुश्किल से आग पर काबू पाया है। हल्का लेखपाल गिरजा दयाल ने बताया कि क्षति का आंकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है। शीघ्र ही पीड़ित को सरकारी सहायता दिलाई जाएगी। सादुल्लाहनगर थाना क्षेत्र के मनुआगढ़ गांव में अज्ञात कारणों से आज्ञा राम मौर्य के घर में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने पड़ोसी सावित्री के घर को भी अपने आगोश में ले लिया। घटना में आज्ञाराम का 10 हजार रुपये नकद, कपड़ा, अनाज व बिस्तर तथा सावित्री की घर-गृहस्थी का सारा सामान जलकर रख हो गया है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया। हल्का लेखपाल देवेंद्र कुमार ने क्षति का आंकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।