धड़ल्ले से हो रहा प्रतिबंधित पॉलीथिन व थर्माकोल का प्रयोग
बलरामपुर। नगर में प्रतिबंधित पॉलीथिन व थर्माकोल का प्रयोग धड़ल्ले से किया जा रहा है। नगर पंचायत के अभियान का असर नगर में कहीं भी नहीं दिख रहा है।
प्रतिबंधित पॉलीथिन व थर्माकोल की बिक्री व इनका प्रयोग तमाम आयोजनों में खुलेआम किया जाता है। शादी-विवाह व अन्य आयोजनों के बाद फेंकी जाने वाली थर्माकोल की प्लेट, गिलास आदि से चारों तरफ गंदगी का अंबार लग जाता है।
हवा में उड़कर ये थर्माकोल नालियों में चले जाते हैं जिससे जलभराव की समस्या भी उत्पन्न हो जाती है। नगरवासियों ने जिलाधिकारी को पत्र लिखकर थर्माकोल व प्रतिबंधित पॉलीथिन के खिलाफ अभियान चलाने तथा उनकी बिक्री व प्रयोग करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
नगरवासी जय सिंह, श्याम बिहारी अग्रहरि, राधेश्याम, सूर्यकांत, अरुण, संतोष, अभिजीत आदि ने जिलाधिकारी को भेजे गए पत्र में कहा है कि शादी-विवाह व अन्य आयोजनों में धड़ल्ले से थर्माकोल के बने बर्तनों का प्रयोग किया जा रहा है।
आयोजन के बाद थर्माकोल व प्रतिबंधित पॉलीथिन इधर-उधर फेंक दिया जाता है। हवा में उड़कर ये थर्माकोल नालों में पहुंच जाते हैं। इससे नाले चोक हो जाते हैं। बरसात होने पर नालियां व नाले चोक होने से नगर में जलभराव हो जाता है।
नगर पंचायत के अफसर व कर्मचारी यदाकदा अभियान के नाम पर कुछ लोगों के खिलाफ कार्रवाई करके अपने कार्यों को इतिश्री कर लेते हैं। ऐसे में थर्माकोल व प्रतिबंधित पॉलीथिन की बिक्री व प्रयोग के खिलाफ कठोर कार्रवाई न होने के कारण लोगों का मनोबल बढ़ा हुआ है।
इन लोगों ने डीएम से प्रतिबंधित पॉलीथिन व थर्माकोल के प्रयोग व बिक्री करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग की है।