संदिग्ध हालात में मां-बेटी की मौत
बलरामपुर। ललिया थाना क्षेत्र ग्राम उपटहवा में रविवार को एक विवाहिता की लाश संदिग्ध हालात में फांसी के फंदे पर लटकी मिली, जबकि उसकी डेढ़ साल की मासूम बेटी का शव कमरे में ही बेड पर पड़ा मिला।
मामले में विवाहिता के पिता ने उसके पति पर दहेज के लिए हत्या का आरोप लगाते हुए रिपोर्ट दर्ज कराई है। पुलिस ने मां-बेटी के शव पोस्टमार्टम के लिए भेजकर छानबीन शुरू कर दी है।
ललिया थाना क्षेत्र ग्राम उपटहवा में रविवार को उस समय सनसनी फैल गई जब स्थानीय निवासी मनोज की पत्नी सुनीता (26) का शव घर में फांसी के फंदे पर लटका मिला और पास ही बेड पर उसकी डेढ़ साल की मासूम बेटी की लाश पड़ी मिली।
घटना की खबर से मनोज के घर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। सुनीता के ससुराल वालों का कहना था कि गृहकलह से तंग आकर उसने पहले बेटी की हत्या की और बाद में खुद फांसी लगाकर जान दे दी।
घटना की सूचना पाकर मौके पर पहुंचे ग्राम मनोहरापुर थाना इकौना, श्रावस्ती निवासी मृतका के पिता सहजराम ने बताया कि उसने अपनी बेटी सुनीता (26) की शादी चार साल पहले ललिया के ग्राम उपटहवा निवासी मनोज से की थी।
शादी के बाद से ही मनोज दहेज में अंगूठी व नकदी न मिलने के कारण सुनीता को प्रताड़ित करता था। ये बात सुनीता ने कई बार मायके वालों को भी बताई थी।
सहजराम का आरोप है कि दहेज की मांग पूरी न होने पर मनोज ने रविवार को पहले सुनीता को मारकर फांसी के फंदे पर लटका दिया और फिर डेढ़ वर्षीय मासूम बेटी नित्या की हत्या कर शव बेड पर फेंक दिया।
थानाध्यक्ष ललिया अरविंद गुप्ता ने बताया कि सहजराम की तहरीर पर पति मनोज के खिलाफ दहेज हत्या का केस दर्ज किया गया है। मां-बेटी का शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर मां-बेटी के मौत के कारणों का पता चल जाएगा। आरोपी की तलाश की जा रही है।