बलरामपुर। गंगा का पवित्र जल पापों से मुक्ति दिलाता है। शिव की जटा से निकली गंगा धरती पर परोपकार का महान कार्य कर रही है। यह बातें कथावाचक भीष्म पितामह व प्रहलाद मिश्र ने बीते दिन श्रीकृष्ण गोशाला सहियापुर में तीन दिवसीय गंगा दशहरा मेला के समापन अवसर पर संगीतमयी कथा सुनाते हुए कही।
सदर विधायक पल्टूराम व तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि सरकार की प्राथमिकता गोसेवा व पर्यावरण को संतुलित बनाने के लिए है। पर्यावरण के लिए प्रदेश सरकार की तरफ से पेड़-पौधे लगाने का बड़ा लक्ष्य निर्धारित किया गया है। शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर के महंत मिथलेश नाथ योगी ने कार्यक्रम का समापन करते हुए कहा कि मां गंगा का अवतरण पृथ्वी पर गंगा दशहरा के दिन ही हुआ। गंगा मोक्षदायिनी है। अनंत काल से जीवन की रक्षा कर रही है।
पूर्व सांसद दद्दन मिश्र ने श्रीकृष्ण गोशाला के पर्यावरण व गोरक्षा की दिशा में किए जा रहे प्रयास की सराहना की। मेले के आयोजक अम्बिकेश्वर प्रसाद मिश्र ने सभी अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि श्रीकृष्ण गोशाला सहियापुर में 12 वर्षों से लगातार गंगा दशहरा मेले का आयोजन किया जा रहा है।
गोशाला में 100 निराश्रित गोवंशों की सेवा की जा रही है। पर्यावरण संतुलन के लिए 20 एकड़ जमीन में पीपल व पाकड़ का पेड़ लगाया गया है। भंडारे के आयोजन में आशुतोष त्रिपाठी, डॉ. रूबी मिश्रा, आलोक कुमार मिश्र, सौरभ मिश्र व राजीव मिश्र आदि का सराहनीय योगदान रहा।