रेल टिकट खरीदने के लिए मुसाफिरों की लगती है लंबी लाइन
बलरामपुर। तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर लगी टिकट वेंडिंग मशीन महीनों से खराब पड़ी है। ऐसे में टिकट खरीदने के लिए स्टेशन पर मुसाफिरों की लंबी लाइन लग रही है।
तुलसीपुर रेलवे स्टेशन पर मुसाफिरों को टिकट खरीदने के लिए रेल विभाग की तरफ से वेंडिंग मशीन लगाई गई थी। कुछ दिन बाद ही ये मशीन खराब हो गई। कई महीनों से खराब पड़ी मशीन शोपीस बन चुकी है।
रेलवे स्टेशन पर टिकट खरीदने आए मुसाफिर निशा, मंजू, प्रियंका, लीला, नीलू आदि ने आरोप लगाया कि महिलाओं के लिए स्टेशन पर अलग से टिकट खिड़की का संचालन नहीं किया जा रहा है।
टिकट वेंडिंग मशीन भी खराब पड़ी है। पुरुषों के साथ एक ही खिड़की से टिकट खरीदना पड़ रहा है। धक्का-मुक्की से महिलाओं को टिकट खरीदने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता है।
इन लोगों का ये भी आरोप है कि रेलगाड़ी आने के आधा घंटे पहले ही यिटकट देने के लिए काउंटर खोला जाता है। टिकट खरीदने के चक्बर में तमाम मुसाफिरों की ट्रेनें भी छूट जाती है।
उधर सोनू, सुनील कुमार, राजन गुप्ता, राजीव कुमार, राजेश आदि ने आरोप लगाया कि टिकट खिड़की अक्सर बंद रहती है। टिकट खरीदने के लिए अक्सर लोग लाइन में खड़े हो जाते हैं। कभी-कभी टिकट खरीदने के लिए मारपीट की भी नौबत जा जाती है।
इस संबंध में तुलसीपुर स्टेशन के स्टेशन मास्टर घनश्याम गौड़ ने बताया कि टिकट मशीन को दुरुस्त करने के लिए विभागीय अधिकारियों को सूचना दी गई है। शीघ्र ही समस्या का निराकरण कराकर मुसाफिरों को टिकट खरीदने में सहूलियत प्रदान की जाएगी।