तुलसीपुर (बलरामपुर)। सोहेलवा वन्य जीव प्रभाग में जंगली जानवरों का शिकार करने वाले दो नेपाली शिकारियों को एसएसबी 9वीं वाहिनी के जवानों ने धर दबोचा है। दोनों नेपाली नागरिक जंगली जानवरों का शिकार कर उनके खाल की तस्करी करने के फिराक में थे।
एसएसबी 9वीं वाहिनी के कार्यवाहक कमांडेंट आशीष नैथानी ने बुधवार की शाम को बताया कि मुखबिर की सूचना सीमा चौकी गुंरगनाका के जवानों व वन विभाग की संयुक्त गश्ती टीम ने भारत-नेपाल सीमा के तीन किलोमीटर अंदर सोहेलवा जंगल में छापा मारा। छापेमारी के दौरान शिवानगर गांव के पास दो नेपाली नागरिकों को जंगली जानवरों को मारकर खाल निकालते हुए दबोच लिया गया।
पकड़े गए नेपाली नागरिकों की पहचान नेपाल देश के दांग जनपद के कोयबासा मुंशीनाका निवासी वीर बहादुर-43 तथा गड़वा निवासी ठागू राम धर्ती-52 के रूप में हुई है। दोनों नेपाली नागरिकों को जवानों ने जब आत्मसमर्पण करने के लिए कहा तो घने जंगल का फायदा उठाकर भागने लगे। इस दौरान कुछ नेपाली शिकारी मौके से भागने में भी सफल रहे।
ऑपरेशन के दौरान बड़ी मात्रा में हिरन व नीलगाय के मांस एवं खाल के साथ दो अदद एक नली बंदूक, 21 छर्रे व 25 ग्राम गन पाउडर बरामद किया गया है। मांस व खाल वन चौकी तुलसीपुर के सौंप दिया गया है और दोनों नेपाली शिकारियों को तुलसीपुर थाने की पुलिस को अग्रिम कार्रवाई के लिए सुपुर्द कर दिया गया है। इस अवसर पर प्रभारी निरीक्षक तुलसीपुर वकील पांडेय, एसडीओ वन चौकी तुलसीपुर अनिल कुमार श्रीवास्तव व रेंजर भानू प्रताप आदि मौजूद रहे।