बलरामपुर। श्रावस्ती संसदीय क्षेत्र की मतगणना आखिरकार गुरुवार देर शाम पूरी हो गई। बसपा प्रत्याशी राम शिरोमणि भारी उतार-चढ़ाव के बीच श्रावस्ती के सांसद बने। उन्होंने भाजपा प्रत्याशी दद्दन मिश्र को अंतिम क्षणों में 5320 मतों से पराजित किया। शाम छह बजे से 8:15 बजे तक मतगणना को लेकर खूब बवाल हुआ। बवाल के बाद भी बसपा प्रत्याशी की जीत घोषित की गई।
बताते चलें कि गुरुवार सुबह बलरामपुर के मंडी समिति भगवतीगंज में श्रावस्ती तथा गोंडा संसदीय क्षेत्र की मतगणना भारी अव्यवस्था के बीच शुरू हुई। श्रावस्ती संसदीय सीट पर लोगों की निगाहें देर शाम तक टिकी रहीं। यहां पर मुख्य मुकाबला भाजपा प्रत्याशी दद्दन मिश्र तथा बसपा प्रत्याशी राम शिरोमणि वर्मा के बीच हुआ। मतगणना के शुरुआत से ही राम शिरोमणि वर्मा बढ़त बनाते हुए दिखे। राउंड-दर-राउंड वोटों की लीड का ग्राफ बदलता रहा है।
दोपहर में राम शिरोमणि वर्मा करीब 19 हजार मतों से आगे हो गए। उसके बाद दोनों प्रत्याशियों के बीच कांटे की जंग देखने को मिली। हालांकि दद्दन मिश्र पूरी मतगणना के दौरान राम शिरोमणि को पीछे नहीं कर पाए। बसपा प्रत्याशी के आगे होते ही भाजपाइयों में हड़कंप मच गया। श्रावस्ती जनपद की दो विधानसभा क्षेत्रों से पिछड़ने के बाद दद्दन मिश्रा ने बलरामपुर जनपद की सदर तथा तुलसीपुर सीट से हार के अंतर को कम करने का भरसक प्रयास किया।
बलरामपुर जनपद की गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र से भाजपा प्रत्याशी पुन: पिछड़ने लगे। आगे-पीछे होने का सिलसिला लगातार चलता रहा। यही नहीं देर शाम सोशल मीडिया पर भाजपा प्रत्याशी दद्दन मिश्र को जीता हुआ उम्मीदवार बताते हुए खूब फर्जी खबर वायरल हुई। मतगणना स्थल पर भाजपा प्रत्याशी के समर्थकों को पुलिस ने हाथापाई कर अंदर नहीं घुसने दिया। इसी बीच बसपा नेता एवं पूर्व सांसद रिजवान जहीर भी मतगणना स्थल पर पहुंचे लेकिन सुरक्षा कर्मियों ने उन्हें भी अंदर नहीं जाने दिया।
देर शाम मतगणना स्थल का माहौल बेहद तनावपूर्ण हो गया था। डीएम कृष्णा करुणेश तथा एसपी अनुराग आर्य मामले को संभालने में भरसक प्रयास करते रहे। दोनों का प्रयास रंग लाया। लोग शांत हो गए। रात करीब 9 बजे सीट का अंतिम परिणाम घोषित किया गया। परिणाम के मुताबिक बसपा प्रत्याशी राम शिरोमणि वर्मा को 4,41,771 मत मिले वहीं प्रतिद्वंदी भाजपा प्रत्याशी दद्दन मिश्र को 4,36,451 मतों से संतोष करना पड़ा। राम शिरोमणि ने दद्दन को 5320 मतों के कम अंतर से मात दी। कांग्रेस प्रत्याशी धीरेंद्र प्रताप सिंह को मात्र 58042 मत पाकर तीसरे स्थान पर रहे। इस संसदीय क्षेत्र में 17,108 लोगों ने नोटा का बटन दबाया है।