बैठक से नदारद तीन अफसरों से जबाब तलब
बलरामपुर। बैठक से नदारद तीन अफसरों से जबाब तलब किया गया है। तीन दिन में संतोषजनक जबाब न देने पर विभागीय कार्रवाई किए जाने की चेतावनी दी गई है।
एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में कर-करेत्तर व राजस्व की समीक्षा बैठक को संबोधित करते हुए कहा कि लापरवाह अफसरों को बख्शा नहीं जाएगा।
बैठक से नदारद खनन अधिकारी, एआईजी स्टाम्प व आबकारी अधिकारी से जबाब तलब किया गया है। एडीएम ने वाणिज्य कर, स्टाम्प, बैंक, विद्युत, आबकारी, परिवहन, वानकी एवं वन्य जीव, खनन, सड़क, पुल व भू राजस्व विभागों की तरफ से किए जा रहे वसूली की भी गहन समीक्षा की।
सभी विभागों के अफसरों को निर्देश दिया कि 31 मार्च तक लक्ष्य के सापेक्ष वसूली पूरी करें। कम वसूली वाले विभाग के अफसरों पर तत्काल कार्रवाई की जाएगी।
आबकारी, बैंक, विद्युत व मंडी समिति में माह में लक्ष्य के सापेक्ष अधिक वसूली की है। एडीएम ने बड़े बकाएदारों के खिलाफ एसडीएम व तहसीलदार को तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
बैठक में सदर तहसील के ज्वाइंट मजिस्ट्रेट कुमार हर्ष, उतरौला एसडीएम जेपी सिंह, तुलसीपुर एसडीएम विशाल यादव सहित तीनों तहसीलों के तहसीलदार, वाणिज्य कर अधिकारी, परिवहन अधिकारी, आबकारी निरीक्षक, एलडीएम व एसडीओ विद्युत सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।