गन्ना जलाकर किसानों ने किया प्रदर्शन
बलरामपुर। गन्ना मूल्य का बकाया भुगतान न होने पर किसानों ने गन्ना जलाकर जोरदार प्रदर्शन किया। आसाम रोड जामकर नाराज किसानों ने मिल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की।
संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर प्रशासन से बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान शीघ्र कराने की मांग की। शीघ्र गन्ना मूल्य का बकाया भुगतान न होने पर उग्र आंदोलन की चेतावनी दी।
लोकतंत्र रक्षक सेनानी चौधरी इरशाद अहमद गद्दी के नेतृत्व में मंगलवार को राजेंद्र प्रसाद, जोखूराम, शिवंबर प्रसाद मिश्र, आदिल हुसैन, जीवनलाल, हीरालाल, रामचरन व जालिम सिंह सहित भारी संख्या में किसानों ने आसाम रोड जाम कर प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने गन्ना जलाकर मिल प्रबंधन के खिलाफ विरोध जताया। धरने को संबोधित करते हुए किसानों ने कहा कि बजाज चीनी मिल इटई मैदा की तरफ से चालू पेराई सत्र का भुगतान नहीं किया गया है।
नाराज किसानों ने प्रशासन से तत्काल बकाया गन्ना मूल्य का भुगतान कराने के लिए संपूर्ण समाधान दिवस में भी नाराजगी जताई। मौके पर पहुंचे तहसीलदार उतरौला शेख आलमगीर को ज्ञापन सौंपा।
आसाम रोड जाम होने पर अफरा-तफरी मच गई। मौके पर प्रभारी निरीक्षक उतरौला कोतवाली संतोष कुमार सिंह पहुंचे और किसानों को समझाने-बुझाने का प्रयास किया।
काफी मान-मनौव्वल के बाद किसानों ने अपना आंदोलन बंद कर दिया। किसानों को एसडीएम उतरौला जेपी सिंह ने शीघ्र बकाया गन्ना मूल्य भुगतान कराने का आश्वासन दिया।