दो करोड़ की चरस के साथ दो नेपाली गिरफ्तार
बलरामपुर। स्थानीय कोतवाली की पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर शुक्रवार रात मुनेश्वरगंज तिराहे के पास से बाइक सवार दो नेपाली चरस तस्करों को धर दबोचा है। तस्करों के पास से सात किलोग्राम नेपाली चरस बरामद हुई है।
अंतर्राष्ट्रीय बाजार में चरस की कीमत करीब दो करोड़ बताई जा रही है। तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।
शनिवार को एसपी अमित कुमार ने बताया कि उतरौला कोतवाल संतोष कुमार सिंह की टीम ने शुक्रवार रात मुनेश्वरगंज तिराहे के पास से दो नेपाली तस्करों को बाइक के साथ गिरफ्तार किया है।
तस्करों के पास से सात किलोग्राम नेपाली चरस बरामद हुई है। तस्करों की पहचान किशोर कुमार चौधरी निवासी ग्राम गेरूआजोत थाना गणेशपुर जिला कपिलवस्तु नेपाल तथा योगेन्द्र प्रसाद वर्मा, निवासी मानपुर भदुई थाना गणेशपुर जिला कपिलवस्तु नेपाल के रूप में हुई है।
योगेन्द्र प्रसाद वर्मा पचपेड़वा थाने के मजगवां गांव का रहने वाला है। वर्तमान समय में यह नेपाल में रहता है। दोनों तस्कर जिले की खुली सीमा के पगडंडी रास्तों से चरस लेकर कानपुर पहुंचाते हैैं।
इन तस्करों को 12 हजार रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से पारिश्रमिक मिलता है। चरस की अंतर्राष्ट्रीय बाजार में कीमत दो करोड़ रुपये से अधिक है।
दोनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर जेल भेज दिया गया है। तस्करों को पकड़ने वाली पुलिस टीम को 25 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा भी एसपी ने की है।