फोटो-19-बलरामपुर के मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में पौधरोपण करते लोग ।-स्रोत : विश्वविद्यालय
बलरामपुर। मां पाटेश्वरी विश्वविद्यालय में सोमवार को ‘एक पेड़ मां पाटेश्वरी के नाम’ अभियान के तहत 145 शोधार्थियों ने शिक्षकों और कर्मचारियों के साथ विश्वविद्यालय परिसर में पौधारोपण किया। शोधार्थियों ने छायादार, फलदार और औषधीय पौधे लगाकर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा परिसर को हरित बनाने का संकल्प लिया।
विश्वविद्यालय में सत्र 2024-25 के प्रथम प्री-पीएचडी कोर्सवर्क बैच की परीक्षाएं 25 एवं 27 जुलाई को संपन्न हुईं। परीक्षा के बाद शोधार्थियों ने स्वप्रेरणा से पौधारोपण अभियान में भाग लिया। अभियान का शुभारंभ कुलपति प्रो. रवि शंकर सिंह ने किया।
कुलपति ने कहा कि ‘एक पेड़ मां पाटेश्वरी के नाम’ केवल पौधारोपण का अभियान नहीं, बल्कि प्रकृति, मातृशक्ति और भारतीय सांस्कृतिक मूल्यों के प्रति सम्मान का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि शोधार्थियों की जिम्मेदारी केवल अकादमिक उपलब्धियों तक सीमित नहीं है, बल्कि समाज और पर्यावरण के प्रति अपने दायित्वों का निर्वहन करना भी उतना ही आवश्यक है। उन्होंने सभी से लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल करने का आह्वान किया, ताकि विश्वविद्यालय परिसर को आदर्श ग्रीन कैंपस के रूप में विकसित किया जा सके।
इस अवसर पर परीक्षा नियंत्रक दिनेश कुमार मौर्य, रजिस्ट्रार परमानंद सिंह, प्रो. राघवेंद्र सिंह, प्रो. विमल प्रकाश वर्मा, डॉ. बसंत कुमार सहित विश्वविद्यालय के अधिकारी, शिक्षक, कर्मचारी और शोधार्थी उपस्थित रहे।