बलरामपुर। गैसड़ी कोतवाली क्षेत्र की ग्राम पंचायत सुगांव के पास राप्ती मुख्य नहर में 45 वर्षीय महिला का शव मिला था। महिला की शिनाख्त के लिए पुलिस ने गुमशुदगी के 143 मामले सर्च किए हैं। 12 से अधिक थानों में महिला के फोटो का मिलान कराया गया है, इसके बावजूद चार दिन बाद भी महिला की शिनाख्त नहीं हो सकी है।
प्रभारी निरीक्षक बलजीत कुमार राव ने सोमवार को बताया कि दो जनवरी को सुगांव के पास राप्ती मुख्य नहर में शीशम के पेड़ के पास महिला का शव फंसा मिला था। महिला की पहचान न होने के कारण शव को शिनाख्त के लिए मॉच्यूरी हाउस में रखवाया गया था। महिला की शिनाख्त के लिए बलरामपुर, श्रावस्ती एवं सिद्धार्थनगर जनपद के 12 से अधिक थानों में फोटो भेजकर मिलान कराया जा चुका है। गुमशुदगी के मामलों को भी सर्च किया जा रहा है। (संवाद)