हॉकी महाकुंभ का धूम-धड़ाके संग हुआ आगाज
ो
बलरामपुर। वैदिक मंत्रोच्चार के बीच नगर के एमएलके महाविद्यालय हॉकी फील्ड में सोमवार को हॉकी महाकुंभ का आगाज बड़े ही धूमधड़ाके के साथ हुआ।
महाराजा सर भगवती प्रसाद सिंह अखिल भारतीय प्राइजमनी हॉकी टूर्नामेंट का उद्घाटन बलरामपुर राज परिवार के युवराज जयेंद्र प्रताप सिंह ने किया। उद्घाटन समारोह में छात्र-छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत करके सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया।
टूर्नामेंट के उद्घाटन से पहले महाविद्यालय की छात्राओं ने मुख्य अतिथि युवराज का वेद मंत्रों के साथ तिलक लगाकर स्वागत किया। एनसीसी के कैडेटों ने मुख्य अतिथि को सलामी दी। मुख्य अतिथि ने सम्मान गार्ड का निरीक्षण किया।
टूर्नामेंट आयोजन समिति के अध्यक्ष लेफ्टिनेंट कर्नल आरके मोहंता, प्राचार्य डा. आरबी श्रीवास्तव, मुख्य नियंता डॉ. आरके सिंह व क्रीड़ाध्यक्ष डा. एके द्विवेदी ने मुख्य अतिथि का माल्यर्पण कर स्वागत किया। छात्र परिषद प्रमुख आकांक्षा पटेल एवं सांस्कृतिक निदेशिका डा. नीरजा शुक्ला ने मुख्य अतिथि को पुष्पगुच्छ भेंट किया।
आयोजन समिति के सभी सदस्यों ने मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों का बैज लगाकर स्वागत किया। स्वागत के बाद मुख्य अतिथि ने उल्लास के प्रतीक गुब्बारों तथा शांति के प्रतीक कबूतरों को आसमान में छोड़ा तथा मशाल प्रज्जवलित करके टूर्नामेंट के शुभारंभ की घोषणा की।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों का शुभारंभ महाविद्यालय की छात्राओं ने सरस्वती वंदना व स्वागत गीत प्रस्तुत करके किया। मिल्लीकारवां पब्लिक स्कूल के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीत पर समूह नृत्य प्रस्तुत करके लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। ग्रेस पब्लिक स्कूल के विद्यार्थियों ने रंग लाल-लाल गीत पर समूह नृत्य के माध्यम से लोगों को आतंकवाद के खिलाफ संघर्ष करने का संकल्प दिलाया।
पॉयनियर पब्लिक स्कूल की छात्राओं ने शिव स्तुति के माध्यम से लोगों को भक्ति के सागर में डूबो दिया। ऋषभ संगीत विद्यालय की छात्राओं ने मिले सुर मेरा तुम्हारा... गीत के माध्यम से देश की सभ्यता एवं संस्कृति को दर्शाया ।
कार्यक्रम के अंत में एमएलके महाविद्यालय की छात्राओं ने ओम नमो नारायणाय मैडले पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत करके सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम का संचालन डा. डीके चौहान ने किया। सांस्कृतिक कार्यक्रम के प्रतिभागी सभी छात्र-छात्राओं को नगर पालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि शाबान अली ने पुरस्कार देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर पूर्व मंत्री डा. एसपी यादव, महाविद्यालय प्रबंध समिति के पूर्व सचिव व वैज्ञानिक डा. पीपी सिंह, समाजसेवी आजाद सिंह, टूर्नामेंट डायरेक्टर फिरोज खान, भाजपा जिला महामंत्री अजय सिंह पिंकू, सपा जिलाध्यक्ष ओंकार नाथ पटेल, डा. आरके पांडेय, डा. मोहीउद्दीन अंसारी, डा. जेपी पांडेय, डा. आलोक शुक्ल, डा. राजीव रंजन, डा. श्रीप्रकाश मिश्र, डीपी सिंह व मुर्तजा हुसैन सहित तमाम प्रबुद्धजन मौजूद रहे।