34 हजार गरीबों को पेंशन न पाने का गहराया संकट
- आधार नंबर से लाभार्थियों का अकाउंट नहीं हो सका लिंकअप
- लिंकअप न होने पर जुलाई माह से नहीं मिलेगा पेंशन
-प्रशासनिक कवायद के बीच पिस जाएंगे पेंशन न पाने वाले जिले के गरीब
अमर उजाला ब्यूरो
बलरामपुर। आधार नंबर के लिंकअप कराने के चक्कर में पेंशनर की गर्दन फंस गई है। जिले के 34 हजार गरीबों को पेंशन न पाने का संकट गहराने लगा है। जुलाई का आधा माह बीत गया लेकिन अभी तक पेंशन लाभार्थियों के बैंक खाते को आधार नंबर से लिंकअप नहीं कराया जा सका है। आधार नंबर से बैंक अकाउंट लिंकअप न होने के चलते जुलाई माह से पेंशन न देने का फरमान शासन ने जारी किया है। शासन की नीतियों व प्रशासनिक कवायद के बीच पेंशन न पाने वाले जिले के गरीब बेवजह पिस जाएंगे।
49 हजार लाभार्थियों का होना है लिंकअप
- जिले में सभी प्रकार के 48 हजार 718 पेंशनरों के बैंक अकाउंट को आधार नंबर से लिंकअप कराया जा रहा है। शासन ने जुलाई माह से आधार नंबर से लिंकअप न होने वाले बैंक अकाउंट में पेंशन की धनराशि जारी न करने का निर्णय लिया है। शासन के निर्देश पर जिला समाज कल्याण विभाग ने 28 हजार 942 वृद्घावस्था, प्रोबेेशन विभाग ने 13 हजार 203 तथा दिव्यांग विभाग ने 6 हजार 673 पेंशन के लाभार्थियों को ब्लॉकों पर सत्यापन के लिए भेजा है।
डीएम के आदेश की अनदेखी
- डीएम के कड़े निर्देश के बावजूद अभी तक एसडीएम व बीडीओ के स्तर से 34 हजार 198 पेंशनरों के सत्यापन कराकर आधार नंबर से नहीं जोड़े जा सके हैं। वृद्घावस्था के 24 हजार 222, निराश्रित के 3973 तथा दिव्यांग के छह हजार तीन आवेदन आधार नंबर से अभी तक नहीं जुड़े हैं। वृद्घावस्था के 4720, निराश्रित के 7200 तथा दिव्यांग के 2700 पेंशनरों के बैंक अकाउंट को आधार नंबर से जोड़ा जा सका है। डीएम का फरमान भी अफसरों पर बेअसर दिख रहा है।
शासन से सीधे होता है भुगतान
-जिला समाज कल्याण अधिकारी राजेश कुमार व जिला प्रोबेशन अधिकारी नीलेश मिश्र ने बताया कि शासन स्तर से सभी पेंशनरों के बैंक अकाउंट में त्रयमासिक किस्त के रुप में पेंशन की धनराशि ट्रांसफर की जाती है। गड़बड़ी को दूर कराने के लिए शासन ने सत्यापन के साथ लाभार्थियों के बैंक अकाउंट को आधार नंबर से लिंकअप कराने का निर्देश दिया है। सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद पेंशन लेने वाले मृतकों व अपात्रों की वास्तवकि स्थिति स्पष्ट हो जाएगी। अप्रैल 2017 में तिमाही किस्त लाभार्थियों के बैंक अकाउंट में ट्रांसफर की जा चुकी है। जुलाई 2017 में पेंशन की धनराशि आधार नंबर से जुड़े अकाउंट में ही ट्रांसफर हो सकेगी।
होगी कड़ी कार्रवाई
-जिले के तीनों तहसीलों के एसडीएम व सभी नौ ब्लॉकों के बीडीओ को पेंशन के लाभार्थियों का सत्यापन कराने तथा आधार नंबर से लिंकअप कराने का निर्देश दिया गया है। सत्यापन व आधार नंबर के लिंकअप कराने में हीला-हवाली मिलने पर संबंधित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी।
राकेश कुमार मिश्र, डीएम बलरामपुर