गैसड़ी व तुलसीपुर क्षेत्र के वोटरों को किया जाएगा जागरूक
बलरामपुर। भारत निर्वाचन आयोग नई दिल्ली व मुख्य निर्वाचन अधिकारी उत्तर प्रदेश लखनऊ के निर्देश पर लोकसभा सामान्य निर्वाचन 2019 में ईवीएम व वीवीपैट से लैस दो वीडियो एलईडी वैन वोटरों को जागरूक करने में जुटी हैं।
पहले चरण में सदर के 479 व उतरौला विधानसभा क्षेत्र के 484 मतदेय स्थलों पर पहुंचकर वीडियो एलईडी वैन से वोटरों को जागरूक किया गया है। दूसरे चरण में दो मार्च से गैसड़ी के 430 और तुलसीपुर क्षेत्र के 453 बूथों पर 16 मार्च तक पहुंचकर वोटरों को जागरूक किया जाएगा।
उप जिला निर्वाचन अधिकारी व एडीएम वित्त एवं राजस्व अरुण कुमार शुक्ल ने शुक्रवार को बताया कि दो मार्च से तुलसीपुर व गैसड़ी विधानसभा क्षेत्र के सभी मतदेय स्थलों पर ईवीएम व वीवीपैट से लैस वीडियो एलईडी वैन पहुंचकर वोटरों को जागरूक करेंगी।
पहले चरण का जागरूकता कार्यक्रम पूरा कर लिया गया है। दूसरे चरण के कार्यक्रमों को पूरा कराने के लिए निर्देश दिए गए हैं।
एडीएम वित्त एवं राजस्व ने जिले के सभी आम जनता, राजनीतिक दलों, समाज के प्रबुद्ध व्यक्तियों आदि से अपील की है कि ईवीएम व वीवीपैट से लैस एलईडी वैन के माध्यम से मतदान करने की प्रक्रिया सीखें।
जागरूकता कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को तेजी से मतदान करने के तरीके बताए जा रहे हैं। इसके साथ-साथ अधिक से अधिक लोगों को वोट डालने के लिए प्रेरित किया जा रहा है।