बलरामपुर। जिले में शिक्षकों की कमी दूर करते हुए माध्यमिक के 13 शिक्षकों को तैनात किया गया है। सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा, गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह व डीएम कृष्णा करुणेश की मौजूदगी में शुक्रवार को कलेक्ट्रेट कार्यालय में नवनियुक्त शिक्षकों को नियुक्ति पत्र बांटा गया।
नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए सभी विधायकों ने कहा कि प्रदेश सरकार की तरफ से शिक्षकों की कमी को दूर करने में प्रयास किया जा रहा है। बेसिक शिक्षा के स्कूलों में शिक्षकों की तैनाती के बाद माध्यमिक स्कूलों में कमी दूर करने का प्रयास किया गया है। डीएम ने नवनियुक्त शिक्षकों को आवंटित स्कूलों में बेहतर ढंग से शिक्षण कार्य करने का टिप्स दिया जिससे युवाओं के भविष्य को संवारकर उनके योगदान को देश की प्रगति में प्रयोग किया जा सके।
डीआईओएस डॉ. चंदन पांडेय ने नियुक्ति पत्र वितरण कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि जिले के राजकीय स्कूलों में शासन ने 13 नवनियुक्त शिक्षकों को तैनात किया है जिन्हें नियुक्ति पत्र बांटा गया है। नियुक्ति पत्र पाकर नवनियुक्त शिक्षक नवनीत श्रीवास्तव, सरोज वर्मा, व अमित कुमार आदि ने खुशी जताते हुए शिक्षण कार्य पर फोकस करने का संकल्प लिया।