संयुक्त जिला चिकित्सालय में पंजीकरण कराते मरीज ।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। राष्ट्रीय बाल स्वास्थ्य कार्यक्रम के तहत जन्मजात कटे-फटे होंठ व तालू वाले बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण के लिए संयुक्त जिला चिकित्सालय में शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 122 बच्चों का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। गंभीर मिले 32 बच्चों को मुफ्त ऑपरेशन कराने लखनऊ स्थित एसआईपीएस सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल रेफर किया गया है।
जांच शिविर का शुभारंभ सीएमओ डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने किया। उन्होंने बताया कि कटे-फटे होंठ व तालू वाले बच्चों के लिए विशेष जांच शिविर का आयोजन हुआ। जिले के सभी ब्लॉकों से आरबीएसके टीमों द्वारा चिह्नित बच्चों को आरबीएसके वाहनों के माध्यम से शिविर में लाया गया। सीएमओ ने बताया कि जन्मजात विकृतियों से ग्रसित बच्चों को समय पर सही उपचार उपलब्ध कराना शासन की प्राथमिकता है। ऐसे शिविर से बच्चों को निशुल्क व गुणवत्तापूर्ण उपचार मिल रहा है।
आरबीएसके नोडल अधिकारी एसीएमओ डॉ. एसके श्रीवास्तव ने बताया कि शिविर में जन्मजात कटे-फटे होंठ व तालू वाले 122 बच्चों को चिह्नित किया गया है। विशेषज्ञ चिकित्सकों की टीम ने 58 बच्चों का पंजीकरण कर स्वास्थ्य परीक्षण किया। जांच के बाद 32 बच्चों को स्माइल ट्रेन योजना के ऑपरेशन के लिए लखनऊ भेजा गया है। शेष बच्चों को अलग-अलग तिथियाें में ऑपरेशन के लिए लखनऊ भेजा जाएगा। इस अवसर पर चिकित्साधिकारी डॉ. मोहसिन अली सिद्दीकी, जिला कार्यक्रम प्रबंधक शिवेंद्र मणि त्रिपाठी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी अरविंद मिश्र, जिला मलेरिया अधिकारी राजेश कुमार पांडेय व शीतांशु रजक आदि मौजूद रहे।