नीति आयोग की टीम ने अस्पतालों का किया निरीक्षण
बलरामपुर। जिले में स्वास्थ्य सेवाओं की हकीकत जानने के लिए नीति आयोग की टीम ने बुधवार को जिला संयुक्त चिकित्सालय के साथ जिला महिला अस्पताल का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान टीम के सदस्यों ने अस्पताल में स्वास्थ्य सेवाओं की पड़ताल करने के साथ-साथ प्रसव कक्ष व एसएनसीयू का भ्रमण कर जच्चा बच्चा को मिलने वाली सुविधाओं के बारे में भी जायजा लिया। महिला अस्पताल में बंद पड़े अल्ट्रासाउंड को तीन माह के अंदर शुरु कराने का आश्वासन भी दिया।
सीनियर क्वालिटी मैनेजर डा. विभोर के नेतृत्व में नीति आयोग की टीम ने बुधवार दोपहर लगभग 11 बजे जिला महिला चिकित्सालय पहुंचकर प्रसव कक्ष तथा सिक न्यू बार्न केयर यूनिट (एसएनसीयू) का निरीक्षण किया।
टीम ने निरीक्षण के दौरान मौजूद स्टाफ नर्स से चेक लिस्ट के अनुसार उपलब्ध संसाधनों के बारे में जानकारी ली। सीएमएस नीना वर्मा ने बताया कि अस्पताल में अल्ट्रासाउंड मशीन न होने से पिछले पांच सालों से अल्ट्रासाउंड की सुविधा मरीजों को नहीं मिल पा रही है।
अस्पताल परिसर में निर्माणाधीन भवन भी अधूरे पड़े हैं। टीम के साथ पिरामल के जिला समन्वयक डॉ. सिद्घार्थ भटनागर, चन्द्रशेखर व हरीश श्रीवास्तव आदि भी मौजूद रहे।