आग की लपटों में तीन घर जलकर राख
बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के दलपतपुर गांव में अज्ञात कारणों से लगी आग में तीन घरों की गृहस्थी जलकर राख हो गई है। ग्रामीणों ने कड़ी मशक्कत कर आग पर काबू पाया।
सूचना पाकर मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल ने क्षति का आंकलन कर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है। शीघ्र ही पीड़ित को सरकारी मदद मुहैया कराई जाएगी।
ललिया थाना क्षेत्र के दलपतपुर निवासी व ग्राम प्रधान मोहम्मद मारूफ ने मंगलवार को बताया कि रात के समय भीखू के घर में अज्ञात कारणों से आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रुप धारण कर लिया।
पड़ोसी जगराम व लक्ष्मी प्रसाद के घरों को भी आग ने जलाकर राख कर डाला। घटना में तीनों घरों की गृहस्थी जलकर राख हो गई है। ग्रामीणों ने मौके पर पहुंचकर काफी देर तक कड़ी मशक्कत करके आग पर काबू पाया।
घटना में करीब 60 हजार रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है। सूचना पाकर मौके पर पहुंचे हल्का लेखपाल ने क्षति का आंकलन करके उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट भेज दी है।