फोटो-23-बलरामपुर के शक्ति स्मारक संस्थान में मेधावियों को किया गया सम्मानित ।-स्रोत : आयोजक
बलरामपुर। शक्ति स्मारक संस्थान में आयोजित प्रतिभा सम्मान समारोह में जिले के नौ ब्लॉकों के 1200 मेधावी व प्रतिभावान विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय कुश्ती संघ के संरक्षक व पूर्व सांसद बृजभूषण शरण सिंह ने विद्यार्थियों को शिक्षा का महत्व बताया। उन्होंने विद्यार्थियों को परिश्रम, अनुशासन और लगन के साथ अपने लक्ष्य की ओर बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
पूर्व सांसद ने कहा कि शिक्षा जीवन में सफलता प्राप्त करने, आत्मनिर्भर बनने और व्यक्तित्व के विकास का महत्वपूर्ण माध्यम है। विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ अपने भीतर छिपी प्रतिभा को भी पहचानना चाहिए। निरंतर अभ्यास, मेहनत और दृढ़ संकल्प से किसी भी लक्ष्य को हासिल किया जा सकता है। उन्होंने विद्यार्थियों से शिक्षा के माध्यम से अपना भविष्य संवारने और समाज के विकास में बेहतर योगदान देने का आह्वान किया।
समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ कक्षाओं में सर्वाधिक अंक प्राप्त करने वाले मेधावियों को भी सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। जिले के नौ ब्लॉकों से आए विद्यार्थियों को सम्मानित किए जाने से उनमें और उनके साथ पहुंचे लोगों में उत्साह देखने को मिला।
कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष रवि मिश्र, विधायक पल्टूराम, विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, आदर्श नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू, जिला पंचायत अध्यक्ष प्रतिनिधि श्याम मनोहर तिवारी, अंजली मिश्रा, पूर्व अध्यक्ष चंद्र प्रकाश सिंह, प्रदीप सिंह, डीपी सिंह बैस, सभासद संजय मिश्रा व संजय शुक्ल सहित अन्य लोग मौजूद रहे।