बलरामपुर। संयुक्त जिला चिकित्सालय में सोमवार को सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। बेहतर चिकित्सा कार्य करने वाले करने वाले 120 चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।
चिकित्सक व स्वास्थ्य कर्मियों के बेहतर कार्यों की मदद से एनक्वास एवं लक्ष्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर संयुक्त जिला चिकित्सालय को शासन स्तर से पुरस्कार प्राप्त हुआ था। एनक्वास एवं लक्ष्य कार्यक्रम में बेहतर कार्य करने वाले चिकित्सक एवं स्वास्थ्य कर्मियों का सम्मानित किया गया। मुख्य अतिथि अटल बिहारी चिकित्सा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. राजेश कुमार चतुर्वेदी ने चिकित्सक व कर्मियों को प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया। प्राचार्य ने कहा कि अस्पताल के चिकित्सक और कर्मियों के अथक परिश्रम का परिणाम है कि चिकित्सालय को एनक्वास और लक्ष्य में पुरस्कार मिला है। अस्पताल के सीएमएस डॉ. राजकुमार, क्वालिटी प्रबंधक डॉ. रुचि पांडेय, एसीएमओ डॉ संतोष कुमार श्रीवास्तव, डॉ. बीपी सिंह, अनामिका सिंह व विनोद त्रिपाठी आदि मौजूद रहे।
इन कर्मियों को मिला सम्मान
संयुक्त जिला चिकित्सालय के रेडियोलाॅजिस्ट डॉ. एके यादव, नेत्र सर्जन डॉ. सुनील कुमार, डॉ. आरके पांडेय को सम्मानित किया गया। प्रशासन की व्यवस्थाओं को सुदृढ़ करने के लिए अस्पताल क्वालिटी प्रबंधक डॉ. रुचि पांडेय, फार्मासिस्ट सुरेंद्र दुबे, फिजियोथेरेपिस्ट अवनीश दीक्षित, लेबर रूम इंचार्ज कल्पना त्रिपाठी, मेटरनिटी ओटी इंचार्ज साक्षी मिश्रा, फार्मेसी के नोडल मोईद अहमद व क्वालिटी एश्योरेंस सेल की जिला परामर्शदाता डॉ. अनामिका सिंह सहित कुल 120 कर्मियों का सम्मान मिला है।