बलरामपुर। फर्जी स्कूलों के खिलाफ जिलाधिकारी के निर्देश के बाद बेसिक शिक्षा विभाग ने कार्रवाई तेज कर दी है। बीएसए के निर्देश पर तीन शिक्षा क्षेत्रों के खंड शिक्षा अधिकारियों ने 12 बिना मान्यता के संचालित मिले स्कूलों को बंद करा दिया है। इन स्कूलों के प्रबंधकों को नोटिस देकर दोबारा स्कूल का संचालन न करने का निर्देश दिया गया है। यदि बिना मान्यता के स्कूल संचालित मिला तो संबंधित के खिलाफ केस दर्ज कर एक लाख रुपए तक जुर्माना लगाया जाएगा।
अमर उजाला में गत तीन मई को फर्जी स्कूलों के खिलाफ खबर प्रमुखता से प्रकाशित की थी। जिसको गंभीरता से लेते हुए डीएम अरविंद सिंह ने बेसिक व माध्यमिक शिक्षा विभाग के अधिकारियों को ऐसे स्कूलों के खिलाफ कार्रवाई करने के निर्देश दिए थे। शुक्रवार को बीईओ पचपेड़वा घनश्याम ने कमलावती एजूकेशनल एकेडमी भग्गौर, शिशु बाल विद्या मंदिर भगवानपुर खाद, श्रीराम पब्लिक स्कूल ललभरिया, अलफलाह हॉजी हकीमुल्ख्ह खान पब्लिक स्कूल इमिलिया खादर, छाया एजूकेशनल पब्लिक स्कूल मधवानगर खादर, आरपी आदर्श मेमोरियल पब्लिक स्कूल मधवानगर खादर को बंद कराया।
बीईओ रेहरा बाजार रमेश कुमार ने एसपी पब्लिक स्कूल रतनपुर, वीकेएस मेमोरियल बढ़या फरीद खां, मदरलैंड एकेडमी नौवाकोल, स्व. भगौती प्रसाद विश्वकर्मा पब्लिक स्कूल सोनरहटा और बीईओ हरैया सतघरवा सियाराम वर्मा ने माया देवी शांति प्रसाद मेमोरियल शिक्षण संस्थान रामनगर व एसपीआरएन चिल्ड्रेन एकडेमी बजरडीह को बंद कराया है। बीएसए कल्पना देवी ने बताया कि बिना मान्यता के संचालित स्कूलों के खिलाफ यह अभियान लगातार जारी रहेगा।