बलरामपुर। राप्ती नदी की बाढ़ से बदहाल सदर व उतरौला विधानसभा क्षेत्र की 12 सड़कों की मरम्मत कराई जाएगी। 125 किलोमीटर लंबाई में बदहाल हुई सड़कों की मरम्मत पर 5.85 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दो माह बाद गांवों की सवा लाख से अधिक आबादी को सुहाने सफर का मजा मिलेगा।
जुलाई से अक्तूबर तक लगातार बारिश के साथ राप्ती नदी में बाढ़ आई थी। इसके कारण नदी के किनारे बसे गांवों की सड़कें गड्ढों में तब्दील हो गई थीं। सदर विधायक पल्टूराम व उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा ने राप्ती नदी किनारे बसे गांवों में बदहाल सड़कों की मरम्मत कराने के लिए शासन में प्रस्ताव दिया। दोनों विधायक की पहल पर शासन ने सदर की छह सड़कें व उतरौला विधानसभा क्षेत्र की छह सड़कों का चयन किया। शासन ने सभी बदहाल सड़कों की मरम्मत कराने के लिए मंजूरी दे दी है। शासन ने पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड को बजट मुहैया कराकर बदहाल सड़कों की मरम्मत की जिम्मेदारी दी है। (संवाद)
उतरौला में 3.78 करोड़ से सड़कों की होगी मरम्मत
उतरौला विधानसभा क्षेत्र में तीन करोड़ 77 लाख 75 हजार रुपये से बदहाल सड़कों की मरम्मत होगी। ग्राम सरजोतियो से नरायनपुर तक 86.45 लाख रुपये से सड़क की मरम्मत होगी। किशुनपुर ग्रंट संपर्क मार्ग की मरम्मत 51.50 लाख रुपये से होगी। रामपुर अरना से बभनपुरवा तक 41.25 लाख रुपये, गंधौरनगर चौराहा से रानीपुर तक 63.75 लाख रुपये व महम्मदपुर बंजरहा मार्ग की मरम्मत पर 43.15 लाख रुपये खर्च होंगे। 91.65 लाख रुपये में मनकापुर-उतरौला से होते हुए बकटवा, मौवहरिया, सोनापार, उदयपुर, भैरवा व मिर्जापुर से भुलभुलिया तक सड़क की मरम्मत कराने की तैयारी की जा रही है।
सदर में सड़कों की मरम्मत पर खर्च होंगे 2.07 करोड़
सदर विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत पर दो करोड़ सात लाख रुपये खर्च होंगे। मेवईलालपुरवा से लुचुईया तक 38.45 लाख, खगईजोत से कालूबनकट तक 35.25 लाख, जाफराबाद से कुर्मिनडीह तक 31.40 लाख रुपये व कपौवा शेरपुर तक 32.60 लाख रुपये से सड़क की मरम्मत होगी। राजघाट सेखईकला धमौली से जुवाथान मार्ग तक 33.10 लाख रुपये व कटरा शंकरनगर संपर्क मार्ग की 36.20 लाख रुपये से मरम्मत कराने की तैयारी की जा रही है।
जल्द शुरू होगा काम
सदर व उतरौला विधानसभा क्षेत्र में सड़कों की मरम्मत कराने की तैयारी की जा रही है। जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा। निर्धारित समय में सड़कों की मरम्मत करा दी जाएगी।
-राजेश कुमार, अधिशासी अभियंता पीडब्ल्यूडी निर्माण खंड