हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आने से एक घायल
- कई घरों में जले लाखों के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण
अमर उजाला ब्यूरो
सादुल्लाहनगर-बलरामपुर। स्थानीय थाना क्षेत्र के ग्राम रंकी बदलपुर में रविवार की सुबह हाई वोल्टेज करंट प्रभाहित होने से अफरा-तफरी मच गई। हाई वोल्टेज करंट की चपेट में आकर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घरों में अचानक हाई वोल्टेज करंट उतरने से लाखों रुपये के इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर बर्बाद हो गए हैं।
ग्राम रंकी बदलपुर में रविवार सुबह सवा 10 बजे अचानक हाई वोल्टेज करंट उतर आया। इससे गांव में अफरा तफरी मच गई। हाई वोल्टेज के चलते घरों में रखे इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जल गए। ग्रामवासी सद्दान खान ने बताया कि हाईवोल्टेज करंट की चपेट में आने से उनके चचेरे भाई मुशाहिद गंभीर रूप से घायल हो गए। मुशाहिद को इलाज के लिए प्राइवेट अस्पताल में भर्ती कराया गया है। ग्रामवासी नौशाद खान, चांद बाबू, शरीफ, हन्नान खां, अन्नू, लालबाबू, इमरान व सूफियान आदि ने बताया कि हाई वोल्टेज के चलते उनके घरों में टीवी, फ्रिज, पंखे व कूलर आदि इलेक्ट्रॉनिक उपकरण जलकर बर्बाद हो गए हैं। इन लोगों ने यह भी बताया कि यहां तैनात लाइनमैन आए दिन ट्रांसफार्मर से छेड़छाड़ करता रहता है। ट्रांसफार्मर से छेड़छाड़ के कारण ही हाईवोल्टेज करंट के चलते लोगों को नुकसान झेलना पड़ा है। इस संबंध में एसडीओ विद्युत उतरौला एसके वर्मा ने बताया कि घटना की सूचना मिली है। मामले की जांच कराकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।