बलरामपुर। टैक्स वकीलों ने गुरुवार को लिपिक के खिलाफ बेमियादी कार्य बहिष्कार कर प्रदर्शन किया। वाणिज्य कर विभाग के लिपिक का जनपद में स्थानांतरण होने से टैक्स अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है। इन्होंने लिपिक को जनपद से स्थानांतरित न किए जाने तक आंदोलन करने की चेतावनी दी है।
कर अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष इंदुभूषण जायसवाल, सुनील कुमार श्रीवास्तव, अभय प्रताप सिंह, जितेंद्र कुमार गुप्ता, मोहनलाल अग्रवाल, विवेक राय, ओंकार नाथ श्रीवास्तव, अजय कुमार श्रीवास्तव, नवीन कुमार श्रीवास्तव, सत्य प्रकाश गुप्ता व आदित्य प्रसाद श्रीवास्तव सहित भारी संख्या में टैक्स अधिवक्ताओं ने गुरुवार को वाणिज्य कर कार्यालय के सामने प्रदर्शन कर विरोध जताया।
वकीलों का आरोप है कि आयुक्त देवीपाटन मंडल से जनपद के सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ल, उतरौला विधायक रामप्रताप वर्मा व गैसड़ी विधायक शैलेश कुमार सिंह तथा उत्तर प्रदेश कर अधिवक्ता संघ के महामंत्री एवं अन्य पदाधिकारियों ने मिलकर लिपिक के खिलाफ कार्रवाई करने की शिकायत की थी।
आयुक्त ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वासन दिया था कि जांच प्रक्रिया तक लिपिक को श्रावस्ती जनपद में तैनात रखा जाएगा। टैक्स वकीलों का आरोप है कि जांच प्रक्रिया पूरी होने के पहले ही लिपिक को श्रावस्ती से बलरामपुर जनपद में तैनात कर दिया गया है जिसके चलते टैक्स अधिवक्ताओं में भारी आक्रोश है।
टैक्स अधिवक्ताओं ने चेतावनी दी है कि जब तक लिपिक का स्थानांतरण रद्द नहीं किया जाएगा और लिपिक के खिलाफ पूरी जांच कराकर कार्रवाई नहीं की जाएगी, वाणिज्य कर कार्यालय में कामकाज ठप रखा जाएगा। इस मौके पर राकेश कुमार गुप्ता, उत्कर्ष सिंह, लक्ष्मी प्रसाद श्रीवास्तव, अमित कुमार गुप्ता, शैलेंद्र कुमार व अभय प्रताप श्रीवास्तव सहित तमाम कर अधिवक्ता मौजूद रहे।