बलरामपुर। परिषदीय स्कूलों के छह शिक्षकों व शिक्षामित्रों का वेतन एवं मानदेय काटा गया है। स्कूल से गायब रहने पर बेसिक शिक्षा विभाग ने शिक्षकों व शिक्षामित्रों से जवाब-तलब किया है। सात दिन में संतोषजनक जवाब न देने पर कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।
बीएसए हरिहर प्रसाद ने गुरुवार को बताया कि उन्होंने सदर शिक्षा क्षेत्र के प्राथमिक विद्यालय छितौनी का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान हेडमास्टर अर्चना पांडेय चार दिसंबर 2018 व शिक्षिका अनीता पांडेय 26 नवंबर 2018 से चिकित्सकीय अवकाश पर पाई र्गइं। शिक्षामित्र संजीव त्रिपाठी व कैलाश द्विवेदी बिना सूचना के स्कूल से नदारद मिले।
शिक्षामित्र अनीता यादव 10 दिसंबर 2018 से अनुपस्थित पाईं गईं। स्कूल में 77 के सापेक्ष मात्र 14 छात्र उपस्थित मिले। शौचालय निर्माण पूरा नहीं पाया गया। स्कूल में गंदगी के साथ शैक्षिक स्तर भी खराब मिला। इस पर हेडमास्टर व सहायक अध्यापिका का वेतन रोक दिया गया है। स्कूल के शिक्षकों व शिक्षामित्रों से सात दिन में जवाब तलब किया गया है।
प्राथमिक विद्यालय बेलवा सुल्तानजोत में शैक्षिक स्तर खराब होने के साथ हैंडपंप भी खराब मिला। उच्च प्राथमिक विद्यालय बेलवा सुल्तानजोत में गंदगी के साथ छात्रों की उपस्थिति कम पाए जाने पर शिक्षकों से जवाब-तलब किया गया है। प्राथमिक विद्यालय बेलवा में शैक्षिक स्तर खराब पाया गया और शिक्षामित्र मीरा गुप्ता गायब मिलीं।