बलरामपुर। नगर क्षेत्र के झारखंडी मंदिर के पास मंगलवार को सुबह रंजिश के चलते दो लोगों में विवाद हो गया। इस दौरान आरोपी ने तमंचे से फायर कर दिया। गोली विपक्षी को न लगकर बीचबचाव कर रहे एक युवक को लग गई। इस पर आसपास के लोगों ने आरोपी की पिटाई कर दी। सभी तीनों घायलों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया गया है। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज कर लिया है।
झारखंडी मंदिर के निकट पान की दुकान करने वाले दुर्गा शंकर गिरि ने बताया कि सुबह करीब 10 बजे वह अपनी दुकान पर थे। इसी बीच पुरैनिया तालाब निवासी प्रभु शुक्ला रंजिश के चलते उनकी दुकान पर आए और गालियां देने लगे। देखते ही देखते प्रभु ने तमंचा निकालकर फायर कर दिया। प्रभु के हमले में दुर्गा शंकर भी घायल हो गए।
मौके पर बीच बचाव के लिए पहुंचे स्थानीय निवासी शब्बीर के पैर में गोली लग गई। इस पर आसपास के लोगों ने प्रभु शुक्ला को घेरकर पकड़ लिया और जमकर पिटाई की। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायल शब्बीर, दुर्गाशंकर व प्रभु शुक्ला का जिला अस्पताल पहुंचाया। कोतवाल रामाश्रय राय ने बताया कि दुर्गाशंकर की तहरीर पर प्रभु शुक्ला के खिलाफ जानलेवा हमले का केस दर्ज किया गया है। मामले की छानबीन की जा रही है।