बलरामपुर के हरैया नरायनपुर मार्ग, जिसका कराया जाएगा चौड़ीकरण।-संवाद
महराजगंज तराई (बलरामपुर)। जिले में लोगों को बेहतर आवागमन मुहैया कराने के लिए सड़कों का निर्माण कराया जा रहा है। इसी क्रम में अब 28.70 करोड़ से हरैया नारायनपुर-कौवापुर तक साढ़े 11 किलोमीटर सड़क को चौड़ा किया जाएगा। इससे न केवल भारत के लोगों को बल्कि पड़ोसी देश नेपाल के लोगों का आवागमन सुगम होगा।
हरैया नारायनपुर-कौवापुर मार्ग के चौड़ीकरण की मांग करीब एक दशक से क्षेत्रवासी कर रहे थे। क्षेत्रवासियों की मांग पर तुलसीपुर विधायक कैलाश नाथ शुक्ला ने सड़क के चौड़ीकरण कराने का प्रस्ताव शासन को भेजा था। शासन से स्वीकृति मिलने के बाद विभाग ने सड़क का सर्वे कराया और उसके चौड़ीकरण के लिए बजट की डिमांड शासन से की। इसके बाद सड़क चौड़ीकरण के लिए शासन स्तर से 28 करोड़ 70 लाख रुपये बजट स्वीकृत हुआ। बजट स्वीकृत होने के बाद विभाग ने टेंडर प्रक्रिया शुरू कर दी है।
क्षेत्र का होगा चहुंमुखी विकास
सड़क का चौड़ीकरण होने के बाद क्षेत्र का विकास भी तेजी से होगा। क्षेत्रवासी राकेश कुमार ने बताया कि दशकों से सड़क के चौड़ीकरण की मांग की जा रही थी, जो अब जाकर पूरी हुई है। छोटकऊ ने बताया कि सड़क के चौड़ा होने से भारत के साथ-साथ नेपाल के लोगों को बेहतर आवागमन की सुविधा मिलेगी। अजय कुमार मिश्र ने कहा कि इसी रास्ते से लोग देवीपाटन मंदिर सहित सिद्धार्थनगर जनपद के लिए भी आवागमन करते हैं। सड़क चौड़ी होने से करीब पांच लाख आबादी को बेहतर आवागमन मिल सकेगा।
शीघ्र शुरू होगा काम
सड़क का चौड़ीकरण कराने के लिए प्रक्रिया शुरू करा दी गई है। टेंडर प्रक्रिया पूरी होने के बाद काम शुरू कराया जाएगा। सड़क के चौड़ीकरण का काम पूरा होने में एक वर्ष का समय लगेग।
-कुमार शैलेंद्र, अधिशासी अभियंता, प्रांतीय खंड लोक निर्माण विभाग बलरामपुर