बलरामपुर। सौभाग्य योजना में लक्ष्य के अनुरूप पात्रों को कनेक्शन नहीं बांटने पर जनपद के प्रभारी मंत्री व राज्यमंत्री गन्ना सुरेश राणा ने कड़ी नाराजगी जताई है। कनेक्शन बांटने में लापरवाही बरतने वाले तीन कंपनियों से जवाब तलब करने का फरमान जारी किया है। बिना उद्घाटन के ट्रांसफार्मर वर्कशॉप चालू कराने पर प्रभारी मंत्री ने एक्सईएन पावर कॉर्पोरेशन को कड़ी फटकार लगाई। समीक्षा बैठक में प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों के अफसरों को निर्देश दिया कि बिना जनप्रतिनिधियों से उद्घाटन कराए किसी भी कार्यक्रम का संचालन शुरू न किया जाए।
कलेक्ट्रेट सभागार में गुरुवार को जनपद के प्रभारी मंत्री ने सभी विभागों के विकास कार्यक्रमों एवं कानून व्यवस्था की गहन समीक्षा की। प्रभारी मंत्री ने कहा कि जिले में ट्रांसफार्मर रिपेयरिंग वर्कशॉप का संचालन बिना जनप्रतिनिधियों के उद्घाटन के ही शुरू करा दिया गया है। ये गलत परंपरा है। भविष्य में इस तरह से गड़बड़ी पाए जाने पर दोषियों को बख्शा नहीं जाएगा।
सौभाग्य योजना में एक लाख 52 हजार के सापेेक्ष मात्र 51 हजार को ही अभी तक कनेक्शन बांटने पर प्रभारी मंत्री ने कड़ी नाराजगी जताई और एक्सईएन सुनील कुमार को निर्देश दिया कि तीनों कंपनियों को नोटिस जारी करें। नोटिस का जवाब न मिलने पर तत्काल कड़ी कार्रवाई करें। सीएमओ डॉ. घनश्याम सिंह ने बताया कि जनपद में डाक्टरों की कमी है। 182 के सापेक्ष मात्र 70 डॉक्टरों की ही तैनाती है।
प्रभारी मंत्री ने सीएमओ को निर्देश दिया कि आयुष्मान भारत कार्ड का व्यापक प्रचार-प्रसार कराएं और टीकाकरण में लापरवाही न बरतें। डीपीओ सत्येंद्र सिंह को निर्देश दिया कि कुपोषित बच्चों को सरकार की तरफ से चलाई जा रही योजनाओं का लाभ दिलाएं। किशोरियों, गर्भवती व धात्री महिलाओं को भी योजनाओं का लाभ मिलना चाहिए।
प्रभारी मंत्री ने पशुओं के टीकाकरण, कौशल विकास मिशन, शौचालय निर्माण, कानून-व्यवस्था सहित जिले के सभी विभागों के विकास कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा की। डीएम कृष्णा करुणेश व सीडीओ कृत्तिका ज्योत्स्ना ने प्रभारी मंत्री को विकास कार्यक्रमों एवं नीति आयोग के प्रयास के बारे में विस्तार से बताया।
सदर विधायक पल्टूराम, तुलसीपुर विधायक कैलाशनाथ शुक्ल, उतरौला विधायक राम प्रताप वर्मा व गैसड़ी विधायक शैलेश प्रताप सिंह शैलू ने भी बैठक को संबोधित किया। इस अवसर पर सभी जनपद स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे। बैठक के बाद प्रभारी मंत्री ने शक्तिपीठ देवीपाटन मंदिर तुलसीपुर रवाना हो गए।