बहादुरपुर में बच्चे की आंख जांच करते चिकित्सक ।- स्रोत: विभाग
बलरामपुर। अखिल भारतीय चाणक्य परिषद की तरफ से रविवार को बहादुरपुर में देवीपाटन नेत्र चिकित्सालय की तरफ से शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में 100 मरीजों की आंखों की जांच की गई, जिसमें से 30 मोतियाबिंद के लिए चिह्नित किए गए।
शिविर का शुभारंभ परिषद के जिलाध्यक्ष यदुनंदन मिश्रा, ग्राम प्रधान सिरसिया अमरेश पासवान, ग्राम प्रधान प्रतिनिधि जोरावरपुर बिंदेश्वरी प्रसाद व पूर्व ग्राम प्रधान राम बनारस चौरसिया ने किया। जिलाध्यक्ष ने बताया कि भविष्य में भी इस तरह के निशुल्क स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन अन्य ग्राम पंचायतों में भी किया जाएगा, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में सभी लोगों तक बेहतर चिकित्सा सेवाएं पहुंच सकें और कोई भी व्यक्ति आंखों की रोशनी से वंचित न रहे।
शिविर में देवीपाटन नेत्र चिकित्सालय की विशेषज्ञ टीम ने करीब 100 मरीजों का विस्तृत नेत्र परीक्षण किया। जांच के दौरान 30 मरीजों में मोतियाबिंद की पुष्टि हुई। इन मरीजों को आगे के उपचार और ऑपरेशन के लिए देवी पाटन नेत्र चिकित्सालय में भेजा जाएगा, जहां उनका निशुल्क इलाज सुनिश्चित किया जाएगा। अन्य मरीजों को आवश्यक दवाइयां भी मुफ्त प्रदान की गईं।