बलरामपुर। गैसड़ी के भीषण गर्मी में बिजली कटौती से उपभोक्ताओं में भारी आक्रोश है। गैसड़ी नगर में 24 घंटे में सिर्फ 10 घंटे बिजली आपूर्ति की जा रही है। बिजली आपूर्ति में सुधार न होने पर नगरवासियों ने आंदोलन की चेतावनी दी है।
नगरवासी राजू, सलीम, दिलीप, संतोष व राकेश आदि ने बताया कि इस समय भीषण गर्मी पड़ रही है। ऐेसे में एक सप्ताह से भारी बिजली कटौती की जा रही है। गैसड़ी नगर में सिर्फ 10 घंटे की बिजली सप्लाई दी जा रही है। इसे लेकर बिजली उपभोकताओं में भारी आक्रोश है। बिजली आपूर्ति की व्यवस्था में सुधार न होने पर उपभोक्ता आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। एसडीओ अकील अहमद ने बताया कि जगह-जगह तार गिरने से आपूर्ति बाधित हुई है।
छह घंटे बिजली कटौती से बढ़ी परेशानी
बलरामपुर। भीषण गर्मी में छह घंटे बिजली कटौती से मंगलवार को गांवों में लोगों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। सदर ब्लॉक के ग्राम रामपुर, खगईजोत, गनेशपुर, महेशभारी, महादेव मिश्र, सहायक संभागीय परिवहन कार्यालय (एआरटीओ) के आसपास के क्षेत्र, गोंदीपुर, कटिया मधवाजोत, रामपुर बनघुसरा, देवरिया, रानीजोत व दुबौलिया सहित 11 केवी लिफ्ट कैनाल से जुड़े सभी गांवों की बिजली आपूर्ति मंगलवार सुबह नौ बजे से दोपहर तीन बजे तक बंद रही। अधिशासी अभियंता बालकृष्ण ने बताया कि जर्जर पोल व तारों को 13, 15, 20, 22, 24 व 26 जून को भी सुबह नौ बजे से शाम तीन बजे तक जर्जर पोल व तारों को बदला जाएगा। इन तिथियों में सात दिनों तक छह-छह घंटे की बिजली कटौती की जाएगी। (संवाद)