बलरामपुर के नगर पालिका परिषद परिसर में आयोजित बैठक में मौजूद लोग।-स्रोत: विभाग
बलरामपुर। होली को लेकर नगर पालिका प्रांगण में होली कमेटी के पदाधिकारियों व संभ्रांतजनों की बैठक हुई। इसमें होली की तैयारियों पर चर्चा करते हुए नागरिक सुविधाओं की बेहतरी के लिए संभ्रांतजनों से सुझाव लिए गए। होलिका दहन के लिए नगर के सभी निर्धारित स्थलों पर 10-10 क्विंटल लकड़ी एवं 25-25 किलोग्राम अबीर, गुलाल व गुझिया उपलब्ध कराने का निर्णय लिया गया।
मुख्य अतिथि उदासीन संगत गेल्हापुर के महंत बृजानंद जी महराज ने कहा कि होली त्योहार आपसी सौहार्द को बढ़ाता है। इस त्योहार को सभी लोग मिल जुलकर शांतिपूर्ण ढंग से मनाएं। ऐसा कोई कार्य न करें, जिससे किसी की धार्मिक भावना को ठेस पहुंचे। जिस व्यक्ति को रंगों से परहेज हो, उसे रंग कदापि न लगाएं। नगर पालिका अध्यक्ष डॉ. धीरेंद्र प्रताप सिंह धीरू ने कहा कि बैठक में जो भी सुझाव आए हैं, उन पर अमल किया जाए।
होली के दिन सड़कों की साफ-सफाई के साथ एक दिन पहले निकलने वाले जुलूस से पूर्व भी जुलूस मार्ग की साफ-सफाई कराई जाएगी। 16 मार्च को तुलसीपार्क में होली मिलन समारोह का आयोजन किया जाएगा। इससे पूर्व उन्होंने अतिथियों को अंगवस्त्र भेंटकर स्वागत किया। बैठक में पूर्व नगर पालिका अध्यक्ष कुसुम चौहान, संजय शर्मा, अविनाश मिश्र, डॉ. तुलसीश दूबे, डॉ. देवेंद्र श्रीवास्तव, इंद्रभूषण श्रीवास्तव, ईओ लालचंद्र मौर्य, अध्यक्ष प्रतिनिधि डीपी सिंह, नगर कोतवाल शैलेश सिंह व सोनू गिरि सहित नगर पालिका के सभी सभासद व कर्मचारी मौजूद रहे।