बलिया जिले में थाना सहतवार क्षेत्र के महादनपुर गांव में तिलक समारोह के दौरान हुए विवाद में एक युवक को गोली मारने का मामला सामने आया है। पुलिस ने घटना में त्वरित कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को हिरासत में ले लिया है, जबकि दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ला ने बताया कि बृहस्पतिवार को थाना सहतवार पुलिस को सूचना मिली कि पुरानी बस्ती महादनपुर में तिलक समारोह में शामिल होने आए अरुण यादव (पुत्र नंदलाल यादव, निवासी महाराजपुर, थाना सहतवार) की समारोह में मौजूद अपने दो दोस्तों रितेश पासवान (पुत्र राजेश पासवान, निवासी नई बस्ती महादनपुर) और अमित कुमार राम (पुत्र धनयी उर्फ सुरेंद्र राम, निवासी पुरानी बस्ती महादनपुर, थाना सहतवार) से किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई।
विवाद के दौरान आरोप है कि दोनों युवकों ने अरुण यादव के सीने में गोली मार दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी रितेश पासवान को हिरासत में ले लिया। वहीं, दूसरे आरोपी अमित कुमार राम की गिरफ्तारी के लिए दो पुलिस टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है।
पुलिस के अनुसार, घायल अरुण यादव का उपचार मऊ के एक अस्पताल में चल रहा है। उसकी हालत सामान्य बताई गई है तथा उसके साथ थाना सहतवार की पुलिस मौजूद है। घायल के परिजनों से प्राप्त तहरीर के आधार पर संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर विधिक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस ने बताया कि क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह सामान्य है और स्थिति नियंत्रण में है।