बेल्थरा रोड। तहसील मुख्यालय स्थित आपूर्ति निरीक्षक कार्यालय में बुधवार को राशन कार्ड बनाने को लेकर एक युवक ने पूर्ति लिपिक के साथ मारपीट की। इस दौरान युवक कार्यालय में रखे कुर्सी, मेज आदि गिराने के बाद भाग निकला। हालांकि तहसील में ड्यूटी पर तैनात होमगार्ड के जवानों ने युवक को पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह भाग जाने में सफल रहा। इससे तहसील में हड़कंप की स्थिति रही। इस मामले में पूर्ति निरीक्षक ने उभांव पुलिस को तहरीर देकर एफआईआर दर्ज करने की मांग की। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
बताया जाता है कि बुधवार को तहसील कार्यालय स्थित आपूर्ति कार्यालय में एक युवक आया और राशन कार्ड बनाने को लेकर पूर्ति निरीक्षक से कहासुनी करने लगा। मामले ने तूल पकड़ लिया और दोनों में हाथापाई होने लगी। इस दौरान मेज, कुर्सी और कार्यालय में रखी फाइल गिर गई। घटना को अंजाम देने के बाद हंगामे के बीच भाग रहे युवक को होमगार्ड के जवानों ने पकड़ने की कोशिश की, लेकिन वह फरार हो गया।