फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

विधायक पुत्र भतीजे समेत नौ के खिलाफ एससीएसटी का मुकदमा

विज्ञापन
विज्ञापन
बैरिया(बलिया)। राशन की दुकान के निलंबन व बहाली को लेकर नगर पंचायत अध्यक्ष बैरिया व विधायक सुरेंद्र सिंह के समर्थकों के बीच हुई मारपीट के मामले ने बुधवार को तूल पकड़ लिया। नपं अध्यक्ष प्रतिनिधि समेत नौ के खिलाफ एससी-एसटी के तहत केस दर्ज होने के बाद हजारों समर्थकों के साथ थाने का घेराव करने पहुंचे नपं अध्यक्ष प्रतिनिधि शिव कुमार वर्मा उर्फ मंटन थाने के सामने बैरिया-रानीगंज पर अर्धनग्न होकर धरने पर बैठ गए। वे विधायक पुत्र के खिलाफ केस दर्ज करने के साथ एसएचओ बैरिया थाना व चौकी प्रभारी बैरिया को हटाने की मांग पर अड़े थे। इसके बाद पुलिस ने विधायक के पुत्र, भतीजे समेत नौ के खिलाफ एससी-एसटी के तहत केस दर्ज कर लिया।
विज्ञापन

इसके बाद भी जब वे सड़क से नहीं हटे तो मौके पर पहुंचे अपर पुलिस अधीक्षक ने चौकी प्रभारी को हटाने की घोषणा की। इसके बाद मंटन मौके पर सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त को मौके पर बुलाने की मांग पर अड़ गए। इसकी सूचना सांसद को दी गई तो उनके प्रतिनिधि के तौर पर उनके भाई कन्हैया सिंह मौके पर पहुंचे। उन्होंने वहीं से एसपी देवेंद्रनाथ से बात की तो आश्वासन मिला कि 24 घंटे में जांच कर एसएचओ को हटा दिया जाएगा। इसके बाद जाम समाप्त हुआ। मामले में विधायक पुत्र विद्याभूषण सिंह व भतीजे चंद्रभूषण सिंह को नामजद किया गया है। अध्यक्ष प्रतिनिधि मंटन ने बैरिया विधायक सुरेंद्र सिंह पर कई गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि निहित स्वार्थ की पूर्ति नहीं होने पर बार-बार मुझे फर्जी मुकदमे में फंसवाया जा रहा है। यहां की पुलिस विधायक के दबाव में आकर प्रताडि़त कर रही है। उन्होंने कहा कि मुझे परेशान कर झुकाने का प्रयास किया जा रहा है किंतु मैं टूट जाऊंगा पर झुकूंगा नहीं।
सांसद वीरेंद्र सिंह मस्त के भाई पूर्व ब्लाक प्रमुख कन्हैया सिंह ने एसपी से बातचीत के बाद बताया कि 24 घंटे में जांच के बाद एसएचओ बैरिया को हटा दिया जाएगा। इस अवसर पर सीओ अशोक कुमार सिंह, बैरिया कोतवाल संजय त्रिपाठी, दोकटी एसएचओ अमित सिंह, रेवती एसएचओ शैलेश सिंह सहित बैरिया सर्किल के सभी थानों के एसएचओ व भारी संख्या में पुलिस बल मौजूद था। मौके पर अनिरुद्ध यादव, बैरिया के पूर्व प्रमुख राकेश सिंह, रामप्रकाश सिंह, श्याम सुंदर उपाध्याय उर्फ शामू उपाध्याय, प्रशांत उपाध्याय, धीरेंद्र सिंह बड़क, अशोक यादव, संतोष पासवान, बजरंगी सिंह, देश दीपक सिंह, प्रकाश मौर्य आदि मौजूद थे।
विज्ञापन

यह था मामला
राशन की दुकान को लेकर बैरिया तहसील में हुई मारपीट के मामले में मंगलवार को नगर पंचायत अध्यक्ष शिव कुमार वर्मा मंटन समेत नौ लोगों के खिलाफ एससी-एसटी के तहत नामजद मुकदमा दर्ज हुआ था। इसके बाद मंटन की ओर से भी विधायक सुरेंद्र सिंह के पुत्र व भतीजे को नामजद करते हुए नौ लोगों के खिलाफ तहरीर दी गई। लेकिन पुलिस ने जांच के नाम पर एफआईआर दर्ज नहीं की। इसके बाद बुधवार को मंटन समर्थकों के साथ थाना का घेराव करने पहुंच गए। तब पुलिस ने उन्हें थाना से पहले ही रोक दिया। इसके बाद वे हजारों समर्थकों के साथ एनएच 31 पर अर्धनग्न होकर बैठ गए।
बेटे व भतीजे के खिलाफ हुई साजिश: सुरेंद्र सिंह
बैरिया। बैरिया से भाजपा विधायक सुरेंद्र सिंह ने कहा कि बेटे व भतीजे के खिलाफ षड़यंत्र कर फर्जी मुकदमा दर्ज कराने से वे विचलित होने वाले नहीं हैं। यदि पूरा जीवन जेल में बीतने की नौबत भी आएगी तो अनाचारी, अत्याचारी व भ्रष्टाचारियों का विरोध करते रहेंगे। स्थानीय डाक बंगला में कार्यकर्ताओं की बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि जिसे बड़ा भाई कहा, जिसे यहां से जीताने के लिए जी-जान लगा दिया, वही षड़यंत्र कर मेरे भतीजे व बेटे पर फर्जी एफआईआर करा रहा है। मैंने जनता की सेवा का संकल्प लेकर चुनाव लड़ा था, साइकिल पर चलने वाले व्यक्ति को यहां के लोगों ने विधायक बना दिया, तो मैं अपने संकल्प से विचलित कैसे हो सकता हूं। इस मौके पर मनोज पासवान, धनंजय सिंह, कामेश्वर तिवारी, भाजयुमो के हरि सिंह, अभय सिंह पहलवान, विनोद यादव, ददन भारती, जितेंद्र मिश्र, उपेंद्र सिंह, रणधीर सिंह नन्हें, रवींद्र सिंह गणेश, मूटन राय आदि मौजूद रहे।
नगर पंचायत को लेकर कई शिकायतें की
बैरिया। कार्यकर्ताओं की एक बैठक के दौरान पहुंचे पुलिस व प्रशासन के अधिकारियों के समक्ष विधायक सुरेंद्र सिंह ने नगर पंचायत से संबंधित कई शिकायत की। इस पर एसडीएम सुरेश पाल ने आश्वस्त किया कि उनके संज्ञान में गलत कार्य नहीं हो सकता। रही बात नगर पंचायत में शिकायतों की तो उसकी जांच कराई जाएगी। वहीं दोनों तरफ से दर्ज एफआईआर की बात करते हुए अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार ने आश्वस्त किया कि विवेचना के दौरान घटना में जो भी दोषी पाया जाएगा, उसे बख्शा नहीं जाएगा और निर्दोष को फंसाया नहीं जाएगा।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें