गजियापुर में गोली चलने के बाद मौके पर पहुंचे पुलिस अधीक्षक देवेंद्रनाथ व अन्य।
- फोटो : BALLIA
बांसडीहरोड। थाना क्षेत्र के गजियापुर गांव में शनिवार को पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने एक युवक के पेट में गोली मार कर फरार हो गए। गोली चलने के बाद गांव में दहशत मच गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और छानबीन में जुट गई। उधर, आसपास के लोगों ने घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने हालत गंभीर देख वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक देवेंद्र नाथ व अपर पुलिस अधीक्षक संजय कुमार भी मौके पर पहुंच जांच पड़ताल की। इस मामले में पुलिस ने घायल की मां मझरिया देवी की तहरीर पर दो बदमाशों के विरुद्घ नामजद मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तारी के लिए दबिश देना शुरू कर दी है।
बताया जाता है कि थाना क्षेत्र के गजियापुर गांव निवासी लालजी यादव (45) पुत्र दीनदयाल यादव शनिवार को क्षेत्र के शंकरपुर मझौली गांव से महुआ का पेड़ खरीदने की बात कर बाइक से घर वापस आ रहे थे। जैसे ही गांव में प्रवेश किया वैसे ही पहले से घात लगाकर बैठे बदमाशों ने उसके ऊपर गोली चला दी जो उसके पेट में जा लगी। इसके बाद युवक लहुलूहान होकर गिर गया। उधर, बदमाश गोली मारकर फरार हो गए। आसपास के लोगों ने पुलिस को सूचना देकर घायल को जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने उसकी हालत गंभीर देख वाराणसी के लिए रेफर कर दिया। उधर, सूचना मिलते ही बांसडीहरोड थाने सहित कई थानों की फोर्स मौके पर पहुंच गई। इस मामले में पुलिस ने घायल की मां मझरिया देवी की तहरीर पर गजियापुर निवासी डब्लू यादव पुत्र प्रभु यादव एवं हल्दी थाना क्षेत्र के बसरिकापुर निवासी धन्नू यादव के विरूद्घ संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर गिरफ्तारी के लिए दबिश दे रही है। ग्रामीणों की मानें तो घटना की मुख्य वजह कच्ची शराब है। कच्ची शराब बेचने को लेकर लालजी यादव और डब्लू यादव में काफी दिनों से विवाद चल रहा था। इसको लेकर पहले भी दोनों के बीच कहासुनी हो चुकी है। शनिवार को भी दोनों के बीच इसी को लेकर विवाद हो गया और एक पक्ष ने गोली चला दी।