बलिया। मनियर थाना क्षेत्र के दियरा टुकड़ा नंबर-दो में बृहस्पतिवार को दो पट्टीदारों के बीच हुई मारपीट में घायल युवक का वाराणसी में इलाज के दौरान मौत हो गयी। परिजनों की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई।
निर्भय चौहान व बेचू चौहान के परिजनों के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी और मारपीट हुई। मारपीट में निर्भय चौहान के पुत्र राजीव चौहान (32), उमेश चौहान (30), कुमारी चंपा (25) घायल हो गये। इस दौरान सभी घायलों को प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मनियर ले जाया गया, जहां से गंभीर रूप से घायल उमेश चौहान को जिला अस्पताल से डाक्टरों ने वाराणसी रेफर कर दिया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गयी। शुक्रवार को मृतक का शव लेकर परिजन थाने पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मौत की खबर मिलते ही सीओ बांसडीह राजेश कुमार तिवारी व थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पटेल सहित पुलिस बल मौके पर पहुंच गई। इस मामले में पुलिस कुछ लोगों को हिरासत में लेकर थाने लाई। वही मृतक के परिजन के तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई में जुट गई। इस बाबत थानाध्यक्ष कमलेश कुमार पटेल ने बताया कि दो पट्टीदारों के बीच पुरानी रंजिश थी। उनमें बाइक खड़ी करने की बात पर विवाद हुआ था। मृतक के परिजन के तहरीर के आधार पर कार्रवाई प्रचलित हैं।