चिलकहर। गोरखपुर जिले के रामगढ़ ताल थाने में तैनात बलिया के गड़वार थाना के हजौली गांव निवासी सिपाही आसिफ असलम का शव रविवार की सुबह कमरे में फंदे से लटकता मिला। मकान मालिक की सूचना पर पहुंची पुलिस ने उसे जिला अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। आत्महत्या के कारण का पता नहीं चला है। पुलिस घटना की जांच कर रही है। मृतक के परिजन गोरखपुर के लिए रवाना हो चुके है।
जिले के गड़वार थाना क्षेत्र के हजौली गांव निवासी आसिफ असलम (28) वर्ष 2018 में सिपाही के पद पर भर्ती हुए थे। उनकी तैनाती गोरखपुर जिले के रामगढ़ ताल थाने पर थी। आसिफ ने रामगढ़ ताल थाने के सामने सिद्धार्थ नगर मोहल्ले में अपना कमरा किराए पर लिया था। रविवार की सुबह 10 बजे तक कमरे का दरवाजा नहीं खुला तो पड़ोसी ने उसे आवाज लगाई। अंदर से कोई जवाब नहीं मिलने पर लोगों ने रोशनदान से देखा तो पंखे में बंधे बेडशीट के सहारे आसिफ का शव लटक रहा था। इसके बाद घटना की जानकारी मकान मालिक ने डायल 112 के साथ ही रामगढ़ ताल थाने पर दी। सूचना मिलते ही मुकामी पुलिस एवं फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंच शव को फंदे से उतारने के बाद जिला अस्पताल ले गई। जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। तत्पश्चात पुलिस ने मृतक के परिजनों को घटना की सूचना दी।